Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस अब लंबित मामलों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में है। पुलिस कप्तान ने आज जिले के सभी DSP, SDPO, पुलिस निरीक्षकों और थानदारों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था से लेकर अपराध नियंत्रण तक कई अहम निर्देश जारी किये। बैठक की शुरुआत बकरीद और मुहर्रम पर्व के दौरान शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाये रखने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना से हुई। एसपी ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले त्योहारों में भी इसी सतर्कता और समन्वय के साथ शांति व्यवस्था बनाये रखी जाये। बेहतर काम करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
महिला अपराध के मामलों में 60 दिन की डेडलाइन
बैठक में महिला उत्पीड़न, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो से जुड़े लंबित मामलों को 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। वहीं वर्ष 2025 से पहले दर्ज सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाने पर विशेष जोर दिया गया। अपराध समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून 2026 में जिले के विभिन्न थानों में 357 नये कांड दर्ज हुए, जबकि 710 मामलों का निष्पादन किया गया। इसी अवधि में 1052 वारंट एवं कुर्की, 215 चरित्र सत्यापन और 1306 पासपोर्ट सत्यापन भी पूरे किये गये। SP ने लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के निष्पादन के लिये विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये। साथ ही प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित कर अंचलाधिकारी के साथ मिलकर भूमि विवादों का समाधान करने को कहा। उन्होंने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने, आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा साइबर मामलों के शीघ्र निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया।
जेल से छूटे अपराधियों की होगी निगरानी
बैठक में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, संगठित अपराध, अवैध खनन, कोयला, बालू और पत्थर के अवैध उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये गये। वहीं, पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आये अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। बैठक के अंत में SP ने साफ संदेश दिया कि पुराने लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन अब सभी थानेदारों की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उद्देश्य साफ है, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, तेज न्यायिक प्रक्रिया और जनता का पुलिस पर बढ़ता भरोसा।
इसे भी पढ़ें : सड़क हा’दसे में जख्मी सिपाही नहीं रहे, पुलिस परिवार में शोक…
इसे भी पढ़ें : बंधु तिर्की बोले, ऐसे में मंत्री की सुरक्षा कैसे होगी?
इसे भी पढ़ें : 35 वर्षों की समाज सेवा को मिला नया मुकाम…
इसे भी पढ़ें : DC ने दिये दो और मौके… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : कल भारी बारिश, स्कूल-आंगनबाड़ी सब बंद…








