UP : यूपी के हरदोई जिले में एक पिता पर आरोप है कि उसने अपनी झूठी शान और परिवार की ‘इज्जत’ के नाम पर अपने भाइयों और भाभी के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब भय और दबाव के बीच जी रही मां ने आखिरकार पुलिस के सामने पूरी कहानी बयां कर दी। संडीला कोतवाली क्षेत्र के समदखेड़ा गांव की रहने वाली 18 साल की शुभी बीते 3 जून की रात घर से चली गई थी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। अगले दिन सुबह वह वापस घर लौट आई। बेटी के लौटने पर पिता नाराज हो गया। शुरुआती नाराजगी कुछ थप्पड़ों तक सीमित रही, लेकिन इसके बाद घटनाक्रम ने भयावह मोड़ ले लिया।
कमरे से बुलाया और फिर नहीं लौटी जिंदा
मां की शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद परिवार के अन्य सदस्य भी शुभी के बारे में पूछताछ करने पहुंचे। जब पता चला कि वह अपने कमरे में है, तो उसे बाहर बुलाया गया। आरोप है कि इसके बाद परिवार के कई लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई की। मां ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन उसे भी चुप रहने के लिये धमकाया गया। कुछ ही देर में घर का माहौल सन्नाटे में बदल गया और एक बेटी की जिंदगी खत्म हो गई।
मां को रोने तक नहीं दिया गया
शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद मां को बेटी के पास जाने नहीं दिया गया। यहां तक कि उसे रोने और शोर मचाने से भी रोका गया। परिवार के कुछ लोगों ने जल्दबाजी में गांव के बाग में अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि किसी को शक न हो और मामला बाहर न निकल सके। जांच में खुलासा हुआ कि घटना को प्राकृतिक मौत या आत्महत्या की तरह दिखाने की कोशिश की गई। ग्रामीणों के बीच अलग-अलग कहानियां फैलाई गईं। कहीं बीमारी का हवाला दिया गया तो कहीं यह बताने की कोशिश हुई कि युवती ने खुदकुशी कर ली। मां ने पुलिस को बताया कि उस पर भी चुप रहने का दबाव बनाया गया और घटना के बारे में किसी को कुछ न बताने की चेतावनी दी गई। बीते शनिवार शाम जब मां ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को पूरी जानकारी दी, तब मामला सामने आया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुये हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। दर्ज FIR में पांच लोगों को नामजद किया गया है। इनमें मृतका के पिता रामदयाल, ताऊ मुनेश, सुरेश और ताई माधुरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को जेल भेज दिया गया। एक अन्य आरोपी कल्लू की तलाश जारी है।
इसे भी पढ़ें : ‘मैं भी गुमला का हूं,’ फिर लूट गये 77 हजार…
इसे भी पढ़ें : WhatsApp ग्रुप में अ’श्लील वीडियो पोस्ट, चौपारण में मचा ब’वाल…
इसे भी पढ़ें : इस्तीफे का ऐलान कर फूट-फूटकर खूब रोये लालू परिवार के ये करीबी नेता…
इसे भी पढ़ें : बिहार कैबिनेट में 25 प्रस्तावों पर लगी मुहर… जानें
इसे भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : आपसी सहमती से बनाये गये संबंध को चरित्र से जोड़ना गलत…









