Kohramlive : देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने अपने पैसेंजर व्हीकल्स और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। कंपनी का कहना है कि बढ़ती उत्पादन लागत, महंगाई और सप्लाई चेन से जुड़े खर्चों के दबाव के कारण यह फैसला लेना पड़ा है। ऐसे में जून का महीना कार खरीदारों के लिये आखिरी मौका साबित हो सकता है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया है कि कंपनी अपने पूरे वाहन पोर्टफोलियो की कीमतों में संशोधन करने जा रही है। कंपनी के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार वाहनों की कीमतों में अधिकतम 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जायेगी। यह बढ़ोतरी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक सभी मॉडलों पर लागू होगी।
इन लोकप्रिय मॉडलों पर पड़ेगा असर
कीमतों में बढ़ोतरी का असर टाटा की कई लोकप्रिय गाड़ियों पर देखने को मिलेगा। इनमें प्रमुख रूप से Tata Punch, Tata Nexon, Tata Curvv, Tata Harrier, Tata Safari, Tata Tiago EV, Tata Punch EV, Tata Nexon EV, Tata Curvv EV शामिल हैं। यानी कंपनी के लगभग पूरे पोर्टफोलियो पर महंगाई की मार पड़ने वाली है। टाटा मोटर्स का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और परिचालन खर्च भी बढ़ गये हैं। कंपनी अब तक इन अतिरिक्त खर्चों का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन लागत का दबाव लगातार बढ़ने के कारण अब उसका कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।
हर मॉडल पर अलग-अलग होगा असर
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी वाहनों की कीमतें एक समान नहीं बढ़ेंगी। कुछ मॉडलों में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं, कुछ वेरिएंट्स की कीमतों में अपेक्षाकृत अधिक इजाफा देखने को मिल सकता है। अंतिम बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के आधार पर तय होगी। ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि जो ग्राहक नई टाटा कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिये जून का महीना फायदेमंद साबित हो सकता है। यदि ग्राहक 1 जुलाई से पहले बुकिंग और डिलीवरी पूरी कर लेते हैं, तो वे बढ़ी हुई कीमतों से बच सकते हैं। खासकर EV और प्रीमियम SUV खरीदने वाले ग्राहकों को इससे अच्छा-खासा फायदा मिल सकता है।
दूसरी कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं दाम
टाटा मोटर्स से पहले देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki भी अपने कई मॉडलों की कीमतें बढ़ा चुकी है। कंपनी ने 1 जून से अलग-अलग मॉडलों के दाम में अधिकतम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। वहीं Hyundai Motor India ने भी जून से अपने वाहनों की कीमतों में संशोधन किया था। कुछ मॉडलों की कीमतें 12,800 रुपये तक बढ़ाई गई थीं।
इसे भी पढ़ें : एलन मस्क बने दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर…
इसे भी पढ़ें : नकली ब्रिगेडियर बनकर घूम रहा था, ऐसे धरा गया 21 साल का ये छलिया…
इसे भी पढ़ें : ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बनाया नया रिकॉर्ड, OTT पर छाया जलवा…
इसे भी पढ़ें : धान का बीज खरीदने गया, फिर इस हालत में मिला…
इसे भी पढ़ें : क्या आपकी गाड़ी झेल पायेगी नया ईंधन… सच्चाई जानें










