Garhwa : गढ़वा में रविवार को 172 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कैंप अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर सेवा, समर्पण और मानवता का उत्सव बन गया। ‘रक्तदान महादान-2026’ अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सुबह से ही कैंप परिसर में सामाजिक सरोकार और मानव सेवा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। रक्तदान शिविर की शुरुआत पलामू रेंज के DIG पंकज कुमार और 172 बटालियन के कमांडेंट अजय कुमार वर्मा ने खुद रक्तदान करके की। अपने आला अधिकारियों को रक्तदान करते देख जवानों का उत्साह भी दोगुना हो गया। इसके बाद बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान कतारबद्ध होकर रक्तदान के लिये आगे आये। पूरे शिविर में सेवा भावना और अनुशासन का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
देश सेवा के साथ मानव सेवा का भी संदेश
CRPF के जवानों ने यह साबित कर दिया कि उनकी जिम्मेदारी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और मानवता के प्रति भी उनका गहरा दायित्व है। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी अमरेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट अमित किशोर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने रक्तदान को जरूरतमंद लोगों के लिये जीवनदान देने वाला कार्य बताते हुये इसकी महत्ता पर जोर दिया। इस अवसर पर 172 बटालियन के कमांडेंट अजय कुमार वर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को इसके लिये आगे आना चाहिये। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों का दायित्व केवल सीमाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज की भलाई और मानव जीवन की रक्षा भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कमांडेंट अजय कुमार वर्मा ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है। देश की सुरक्षा के साथ-साथ प्रत्येक जवान को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिये हमेशा तत्पर रहना चाहिये। 172 बटालियन सामाजिक सरोकार के कार्यों में हमेशा आगे रही है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगी। शिविर के सफल आयोजन पर स्थानीय चिकित्सा टीम ने जवानों की सेवा भावना और जागरूकता की सराहना की गई।
इसे भी पढ़ें : खनन की रफ्तार पर ग्रहण, कोई कारवाई नहीं…
इसे भी पढ़ें : मानसून की दस्तक से पहले ‘आपन सरस्वतिया’ की बढ़ाई गई रफ्तार…
इसे भी पढ़ें : आसमान से बरसी आफत, झारखंड में एक रोज में 7 लोगों की दर्दनाक मौत…
इसे भी पढ़ें : चलती ट्रेन में एक अफवाह, मच गई भगदड़, इतनी कि चली गई जान…
इसे भी पढ़ें : रहस्यमय ढंग से गायब जुड़वां भाई मिले, क्या राज उगल गये… जानें










