Ranchi : झारखंड में सड़क और पुल निर्माण की रफ्तार अब और तेज होगी। CM हेमंत सोरेन ने बुधवार को पथ निर्माण विभाग की हाई लेवल समीक्षा बैठक में साफ कहा कि बेहतर सड़कें ही बेहतर झारखंड की मजबूत नींव हैं। CM ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरे हों, गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाये।
सड़कों का मजबूत नेटवर्क, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
बैठक में CM हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में सड़कों, फ्लाईओवर और पुल-पुलियों का तेजी से विस्तार हो रहा है। आने वाले वर्षों में झारखंड में ऐसा सड़क नेटवर्क तैयार होगा, जिससे गांव और शहर की दूरी घटेगी, आवागमन आसान होगा और व्यापार-रोजगार को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।
हर परियोजना की होगी जियो-टैगिंग
CM हेमंत सोरेन ने विभाग को निर्देश दिया कि सड़क, पुल और फ्लाईओवर से जुड़ी हर परियोजना का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाये और जियो-टैगिंग अनिवार्य की जाये। उन्होंने कहा कि इससे हर परियोजना की लागत, प्रगति और समय-सीमा की निगरानी आसान होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी समस्या पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।
गड्ढों और जलजमाव पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्हें मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों और जलजमाव की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुये प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। विशेष रूप से बारिश के मौसम में गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और सड़क गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाये। वहीं, CM हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि जहां जरूरत है, वहां संकरी सड़कों का चौड़ीकरण किया जाये। साथ ही सभी निर्माण कार्यों में मजबूती और गुणवत्ता के तय मानकों का सख्ती से पालन हो। उन्होंने पुल-पुलियों के किनारों को मजबूत बनाने और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने पर भी जोर दिया।
रांची समेत प्रमुख परियोजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता
बैठक में राजधानी रांची सहित राज्य की महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं की समीक्षा की गई। CM हेमंत सोरेन ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर, पुल-पुलिया और अन्य परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिये। साथ ही सोलर साइकिल ट्रैक जैसी नई परियोजनाओं की भी समीक्षा करते हुये गुणवत्ता और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित करने पर बल दिया। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि विकास की रफ्तार तभी दिखेगी, जब योजनाएं समय पर धरातल पर उतरें। इसलिये हर परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग हो, शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए और जनता को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : बिहार कैबिनेट का बड़ा धमाका: एयरपोर्ट, AI सेंटर, ‘पुलिस दीदी’ को स्कूटर…
इसे भी पढ़ें : बाइक छोड़ भागे तस्कर, दौड़ाकर दबोचा, फिर झोले से मिला… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : क्या बारिश में वॉक करना फायदेमंद है… जानें
इसे भी पढ़ें : डेली कम्यूट के लिए बेस्ट हैं Bajaj की ये 3 बाइक्स… खासियत जानें
इसे भी पढ़ें : धरती से अंतरिक्ष तक भारतीय प्रतिभा अनिल मेनन की नई उड़ान…








