Ranchi : झारखंड अब डिजिटल बुनियाद की भी नई इबारत लिखना चाहता है। सरकार की नजर अब उस गांव पर है, जहां मोबाइल में नेटवर्क गायब हो जाता है और ऑनलाइन सेवाएं सिर्फ एक सपना बनकर रह जाती हैं। CM हेमंत सोरेन ने बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में साफ कहा कि “डिजिटल झारखंड” का सपना तभी पूरा होगा, जब तकनीक का लाभ राज्य के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैठक में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, साइबर सुरक्षा, डेटा प्रबंधन, ई-गवर्नेंस, आईटी पार्क, स्टेट डेटा सेंटर और “डिजिटल झारखंड विजन-2029” की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
हर विभाग का डेटा, एक प्लेटफॉर्म पर
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभागों के डेटा और पोर्टलों को चरणबद्ध तरीके से एक केंद्रीकृत व्यवस्था से जोड़ा जाये। इसके लिये “चीफ मिनिस्टर डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म” विकसित करने की दिशा में तेजी से काम करने को कहा गया। उनका मानना है कि मजबूत डेटा व्यवस्था से फैसले अधिक सटीक होंगे और शासन में पारदर्शिता बढ़ेगी। बैठक का सबसे अहम फोकस उन इलाकों पर रहा, जहां इंटरनेट आज भी कमजोर है या पहुंच ही नहीं पाया है। CM हेमंत सोरेन ने ऐसे सभी इंटरनेट शैडो एरिया की पहचान कर समयबद्ध योजना बनाने के निर्देश दिये। वहीं, अगले तीन वर्षों में सभी पंचायतों तक 5G नेटवर्क पहुंचाने का लक्ष्य तय करने को कहा। भारतनेट फेज-3, कनेक्टिंग झारखंड और झारनेट 2.0 जैसी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुये उन्होंने कहा कि मजबूत डिजिटल नेटवर्क आने वाले समय में प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
सिर्फ डेटा नहीं, उसकी सुरक्षा भी जरूरी
CM हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि डिजिटल व्यवस्था तभी भरोसेमंद होगी, जब डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। उन्होंने स्टेट डेटा सेंटर को और मजबूत बनाने, अत्याधुनिक साइबर सुरक्षा तंत्र विकसित करने और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिये। वहीं, सभी विभागों में फोटोयुक्त डिजिटल सक्सेशन चार्ट नियमित रूप से अपडेट रखने को भी कहा।
हर जिले में IT अफसर, हर थाने में आधुनिक तकनीक
बैठक में प्रत्येक विभाग और जिले में IT अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। JAP-IT में रिक्त पद शीघ्र भरने के निर्देश भी दिये गये। पुलिस स्टेशनों में CCTV नेटवर्क, LiDAR और सैटेलाइट आधारित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुये मुख्यमंत्री ने इन्हें तय समय में पूरा करने को कहा।
आईटी पार्क से आगे बढ़कर बने पूरा इकोसिस्टम
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि केवल IT पार्क बनाना पर्याप्त नहीं होगा। झारखंड में ऐसा IT इकोसिस्टम विकसित करना होगा, जहां स्टार्टअप बढ़ें, निवेश आये, अनुसंधान को बढ़ावा मिले, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण मिले और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हों। अधिकारियों को इस दिशा में व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। CM ने सभी जिला न्यायालयों में उच्च गुणवत्ता वाले साउंड सिस्टम लगाने का सुझाव दिया, ताकि न्यायिक कार्यवाही अधिक सुचारु और प्रभावी हो सके। उक्त बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव पूजा सिंघल, विशेष सचिव सुनील कुमार सिंह, निदेशक आई.टी माधवी मिश्रा, CEO जैप-आईटी चंदन कुमार तथा संबंधित विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : “जे नाची से बाची,” अब झारखंड की कहानियां जायेंगी बड़े पर्दे तक…
इसे भी पढ़ें : 16 साल बाद भारत लौटने की तैयारी में ललित मोदी…
इसे भी पढ़ें : फिल्मकारों से मिले CM हेमंत सोरेन, क्या बोल गये… जानें
इसे भी पढ़ें : जिन बेटों की लंबी उम्र के लिये सुबह कराया कीर्तन, उन्हीं ने रात में मा’र डाला…
इसे भी पढ़ें : पुलिस हाई अलर्ट पर, DGP, ADG एवं IG कर रहे हैं मॉनिटरिंग…








