Ranchi : शहर की धार्मिक आस्था का एक और खूबसूरत अध्याय बुधवार को शुरू हुआ। रांची के बकरी बाजार परिसर में मां दुर्गा के भव्य दरबार की तैयारी के लिये भूमि पूजन के साथ ही पूजा पंडाल निर्माण का शुभारंभ हो गया। भारतीय युवक संघ की 68 वर्षों से चली आ रही दुर्गा पूजा परंपरा इस बार भी श्रद्धा, संस्कृति और भव्यता के रंगों से सराबोर होगी। सुबह 10.30 बजे पूजा स्थल पर विधि-विधान के साथ स्तंभ पूजन और भूमि पूजन किया गया। आचार्यों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान का आह्वान कर पंडाल निर्माण की शुरुआत कराई। इस शुभ अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस बार दिखेगा ऐतिहासिक धरोहर का नजारा
भारतीय युवक संघ के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल की थीम तमिलनाडु के तंजौर स्थित विश्व प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर पर आधारित होगी। यह ऐतिहासिक धरोहर अपनी अद्भुत वास्तुकला के लिये पूरी दुनिया में जानी जाती है। उन्होंने कहा कि पंडाल को इतना विशाल और आकर्षक बनाया जायेगा कि लाखों श्रद्धालु बिना परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे और इस अनूठी कलाकृति का आनंद उठा सकेंगे। पंडाल को आकार देने के लिए 150 से अधिक कारीगर जुटेंगे। महीनों की मेहनत, कला और कल्पना के संगम से बकरी बाजार परिसर में एक ऐसा धार्मिक स्थल तैयार होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। पूजा समिति की ओर से इस बार दर्शनार्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। भीड़ प्रबंधन, सुगम दर्शन और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।
मेयर ने सराहा 68 वर्षों की धार्मिक परंपरा को
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलको उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमहापौर नीरज कुमार और वार्ड पार्षद सुनील यादव भी मौजूद रहे। महापौर रोशनी खलको ने कहा कि भारतीय युवक संघ वर्षों से संस्कृति और धर्म की परंपराओं को संभालने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था हर वर्ष अपने पंडालों के माध्यम से देश के प्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की झलक लोगों तक पहुंचाती है। संस्था की ओर से विनोद छापड़िया, राजेश बुधिया और राकेश गोयल सहित अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। संरक्षक शंभू अग्रवाल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
आस्था, कला और परंपरा का संगम बनेगा बकरी बाजार
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अरविंद चौधरी, अमर पोद्दार, कमल जालान, अमित सोनी, सिद्धांत तोदी, विवेक अग्रवाल, रोहित गोयंका, संजय चौधरी, अमित बजाज, दीपक चौधरी, चंदन चौधरी, पवन लोहिया, सुनील पोद्दार, विवेक पोद्दार, पंकज चौधरी, सचिन मोतीका, अनीश सरावगी, अशोक लाठ, आशीष अग्रवाल, प्रथम धेलिया, देवेश झा सहित कई सदस्य सक्रिय रहे। अब इंतजार है उस पल का, जब शारदीय नवरात्र में बकरी बाजार का परिसर भक्ति, रोशनी और कला के अद्भुत संगम से जगमगा उठेगा।
इसे भी पढ़ें : प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम पहुंचे स्टार कपल…
इसे भी पढ़ें : झारखंड के दो तेजतर्रार IPS अफसरों को अब नई जिम्मेदारी…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, तकनीक का फायदा तभी, जब आखिरी गांव तक पहुंचे नेटवर्क…
इसे भी पढ़ें : “जे नाची से बाची,” अब झारखंड की कहानियां जायेंगी बड़े पर्दे तक…
इसे भी पढ़ें : 16 साल बाद भारत लौटने की तैयारी में ललित मोदी…







