Ranchi : CID की साइबर क्राइम थाना की पुलिस ने दो साइबर अपराधियों विष्णु गोराई और नारायण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों पर इल्जाम है कि बिजली बिल जमा कराने के नाम पर रतन लाल गुप्ता को अपने झांसे में लिया। Quick Support App इंस्टॉल करा कर उनके खाते से तीन लाख 269 रुपये निकाल लिए गये। रतन लाल के मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें पता चला कि वे साइबर अपराधियों के शिकार हो गये। राजधानी रांची के अरगोड़ा इलाके में रहने वाले 65 साल के रतन लाल गुप्ता के बयान पर साइबर थाना में FIR दर्ज किया गया। साइबर थाना की टीम टेक्निकल सेल की मदद से अपराधियों तक पहुंच गई। इस बात का खुलासा आज सीआईडी के एसपी एस कार्तिक ने किया। सीआईडी के अनुसंधान से यह खुलासा हुआ है कि पकड़े गये दोनों साइबर अपराधी विष्णु और नारायण शातिर किस्म के हैं। विष्णु जामताड़ा के जगन्नाथपुर गांव में रहता है। वहीं नारायण देवघर सारठ के कोईरी टोला में रहता है। इसी साल 27 जून को रतन लाला गुप्ता के पास फोन आया था, तब वह साइबर क्राइम के शिकार हुए।
गिरफ्तार इन दोनों साइबर अपराधियों के कारनामे चौंकाने वाले निकले। इन दोनों ठगों के गहरे ताल्लुकात कई पेट्रोल पंप वालों के साथ हैं। सबसे ज्यादा लेन-देन करने वाले देवघर के चंद्रवंशी पेट्रोल पंप के मैनेजर टिंकू रमानी को सीआईडी ने उठा लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पेट्रोल पंप की मिलीभगत से स्मार्ट फ्लीट कार्ड का इस्तेमाल कर किसी भी वाहन के नाम पर तेल ले लिया करते थे। यह तेल गाड़ियों में नहीं भरवा कर गैलन में ले जाया करते थे। फिर तेलों को खुले बाजार में बेचा जाता था। इनसे होने वाली कमाई का आपस में बंटवारा किया जाता था। अबतक के अनुसंधान में करीब 62 लाख रुपये का साइबर ठगी करने का मामला सामने आ चुका है। रांची सीआईडी पुलिस गिरफ्तार दोनों साइबर अपराधियों का जीवन कुंडली खंगाल रही है। उम्मीद है कि जांच के बाद कुछ चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : सांप ने डंसा छउवा को, जादू टोना में भयानक अंत…राजधानी के सोनाहातू में ट्रिपल मर्डर… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : चाहत और नफरत का नतीजा है खूंटी का ट्रिपल मर्डर…








