Kohramlive : अक्सर हम इसे गलत खानपान या खराब लाइफस्टाइल का दोषी मान लेते हैं, पर क्या आपने कभी सोचा है कि यह आपके मन का बोझ हो सकता है? जी हां, लंबे समय तक बनी रहने वाली पाचन की समस्याएं, जैसे गैस, एसिडिटी, कब्ज और अपच — केवल पेट की नहीं, बल्कि मन की बीमारी का भी इशारा हो सकती हैं।
तनाव: एक अदृश्य आग
तनाव (Stress) कोई मामूली बात नहीं। यह एक ऐसी अदृश्य आग है जो धीरे-धीरे शरीर और मन को जला डालती है। विशेषज्ञों की मानें तो जब हम तनाव में होते हैं, तो शरीर “फाइट-ऑर-फ्लाइट” मोड में चला जाता है, और कोर्टिसोल नामक हार्मोन का स्तर बढ़ने लगता है। इसी हार्मोन की अधिकता ही हमें धीरे-धीरे बीमार कर देती है। पाचन, दिल और दिमाग, तीनों पर असर डालते हुये।
पेट की भाषा: मन का हाल
जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट कहती है कि तनाव हमारे डाइजेस्टिव सिस्टम पर सीधा हमला करता है। यही वजह है कि इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS), पेप्टिक अल्सर, बार-बार एसिडिटी, और अपच जैसी समस्याएं कभी ठीक नहीं होतीं, क्योंकि इलाज सिर्फ दवाओं से नहीं, बल्कि तनाव से छुटकारा पाने से होता है।
दिल भी रोता है
हार्वर्ड मेडिकल स्कूल बताता है कि लगातार बना रहने वाला तनाव ब्लड प्रेशर को बढ़ा देता है, जिससे हार्ट अटैक, हाई कोलेस्ट्रॉल और धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। यानी तनाव अगर मन की बीमारी है, तो इसका असर दिल की धड़कनों तक जाता है।
मन और याददाश्त दोनों पर असर
तनाव सिर्फ मूड खराब नहीं करता, ये डिप्रेशन, एंग्जायटी और नींद की समस्याओं को जन्म देता है। यह दिमाग की कार्यक्षमता को घटा देता है और याददाश्त को कमजोर करता है। ऐसे में जिंदगी की गुणवत्ता गिरने लगती है, और धीरे-धीरे हम एक थके हुये शरीर में उलझा हुआ दिमाग बन जाते हैं।
तनाव से मोटापा और कमजोर इम्युनिटी
तनाव में इंसान ज्यादा खाने लगता है, कभी भूख ना लगने वाली उदासी, तो कभी बेकाबू भूख वाली बेचैनी। यही वजह है कि कोर्टिसोल का स्तर बढ़ने से वजन बढ़ता है और साथ ही इम्यून सिस्टम भी कमजोर हो जाता है, जिससे बीमारियां शरीर में आसानी से घर कर लेती हैं।
क्या करें? कैसे बचें?
- ध्यान और योग को दिनचर्या बनायें।
- हर दिन कम से कम 30 मिनट वॉक करें।
- भरपूर नींद लें, नींद आधे तनाव का इलाज है।
- संतुलित आहार लें, कैफीन और जंक फूड से परहेज करें।
- अपनों से बात करें, मन की बात मन में ना रखें।
- काम और निजी जीवन में संतुलन बनायें।
निष्कर्षः सुकून ही असली इलाज
तनाव केवल मानसिक परेशानी नहीं है, यह शरीर की हर नस में अपनी छाप छोड़ता है। इसलिए अगर बार-बार पेट की शिकायत है, या दिल की धड़कन अनियंत्रित, तो एक बार अपनी मेंटल हेल्थ का भी जायजा लें। हो सकता है, इलाज दवा से नहीं, सुकून से हो।
इसे भी पढ़ें : लाल आतंक का सफाया, क्या बोल गये DGP… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : मातम में बदली खुशियां, रोड जाम… जानें कहां
इसे भी पढ़ें : CM कुर्सी पर जंग, पर्दे के हीरो बनाम पॉलिटिक्स के फाइटर
इसे भी पढ़ें : हार्ट अटैक से बचने का 5S फार्मूला… जानें








