Ramgarh(Prince Verma) : रामगढ़ के बारलोंग सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत के बाद सोशल मीडिया पर ट्रक में लदे कोयले को लेकर कई तरह की चर्चाएं और दावे सामने आये। अब रजरप्पा पुलिस ने इन दावों पर अपना पक्ष रखते हुये पूरे घटनाक्रम की जानकारी सार्वजनिक की है। रजरप्पा के थानेदार कृष्ण कुमार ने कहा कि हादसे के बाद पुलिस ने पूरी कार्रवाई नियमानुसार की है। ट्रक, कोयला और उससे जुड़े सभी दस्तावेज विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखे गये हैं तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जब्ती सूची न्यायालय में भी समर्पित कर दी गई है। थानेदार के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में 25.07 टन कोयला लदा था, जिसे CCL तोपा कोलियरी से आर्यन इंडस्ट्रियल वर्क्स के लिये वैध दस्तावेजों के साथ भेजा गया था। पुलिस का कहना है कि वेटमेंट स्लिप, ऑर्डर नंबर 3345115876 सहित सभी आवश्यक कागजात उनके रिकॉर्ड में सुरक्षित हैं।
सड़क जाम थी, इसलिये हटाना जरूरी था
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक सड़क के बीचों-बीच फंस गया था, जिससे दूसरी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। थानेदार ने बताया कि आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुये ट्रक को तत्काल हटाना जरूरी था, ताकि यातायात सामान्य हो सके और कोई अन्य हादसा न हो। पुलिस के मुताबिक, सबसे पहले हाइड्रा मशीन से ट्रक हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों टायर फट जाने और आगे का पहिया जमीन में धंस जाने के कारण ट्रक नहीं हट सका। हाइड्रा ऑपरेटर की सलाह पर पहले ट्रक से कोयला JCB की मदद से उतारा गया, फिर उसे दूसरे वाहन में लादकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। थानेदार कृष्ण कुमार ने बताया कि ट्रक और उसमें मौजूद पूरा कोयला विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि 26 जून 2026 को रजरप्पा थाना में केस (कांड संख्या 84/26) दर्ज किया गया और जब्ती सूची भी न्यायालय में प्रस्तुत कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है। रजरप्पा पुलिस का कहना है कि कुछ सोशल मीडिया पर “रातों-रात कोयला गायब” जैसे दावे किये जा रहे हैं, जबकि पुलिस रिकॉर्ड और जब्ती प्रक्रिया कुछ और ही तस्वीर पेश करती है। थानेदार ने लोगों से अपील की कि संवेदनशील मामलों में किसी भी पोस्ट या सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है और पुलिस का ध्यान मामले की निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने पर केंद्रित है।
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में विकास की नई रूपरेखा तैयार… जानें
इसे भी पढ़ें : करीब 50 हजार शिक्षक पद रिक्त, क्या बोले प्रतुल… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : झारखंड के सरकारी स्कूलों में रसोइयों के लिये ड्रेस कोड लागू…
इसे भी पढ़ें : रिम्स की हकीकत देख मंत्री भी चौंके और बमक गये… जानें
इसे भी पढ़ें : 72 घंटे की बेचैनी खत्म, रांची के तीनों लापता बच्चे बिहार में मिले…








