1. पारसनाथ पर केंद्र का बड़ा फैसला
झारखंड के गिरिडीह में ‘श्री सम्मेद शिखर’ तीर्थ स्थल ही रहेगा। केंद्र सरकार ने आज संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर जानकारी शेयर की है। अधिसूचना में बताया गया है कि पारसनाथ में कोई बदलाव नहीं होगा। तीर्थ क्षेत्र में कोई निर्माण कार्य नहीं होगा और स्थल की पवित्रता बनाए रखने के लिए वहां होटल, ट्रैकिंग और नॉन वेज पर भी रोक रहेगी। यहां याद दिला दें कि पारसनाथ को पर्यटक स्थल घोषित किये जाने के बाद से देश भर में जैन समाज के लोग काफी दुखी थे। बीते कुछ दिनों से जगह-जगह लोग सड़कों पर उतर आये थे। रांची में मौन रैली निकाली गई थी। जैन समाज के सैकड़ों लोगों ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार से फैसले को वापस लेने की मांग की थी। वहीं, आज सीएम हेमंत सोरेन ने भी केंद्र को पत्र लिखकर पासरनाथ को तीर्थ स्थल ही रहने देने का आग्रह किया था।

2. सीएम हेमंत सोरेन ने साहिबगंज में की सौगातों की बारिश
सीएम हेमंत सोरेन ने साहिबगंज में लाभुकों को अलग-अलग योजनाओं की सौगात दी। करीब 61 करोड़ 25 लाख रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं, सेविका और सहायिकाओं को अपॉइंटमेंट लेटर भी दिया। मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि योजनाओं को कागजों और फाइलों में नहीं, धरातल पर उतारा जा रहा है। ग्रामीण परिवेश को मजबूत करने का काम सरकार कर रही है। अब गांव में ही जरूरी दवाइयों का जुगाड़ होगा। गांव के ही नौजवान दवा दुकान खोल सकेंगे, इसकी व्यवस्था सरकार करने जा रही है। सीएम ने कहा कि किसानों को खेतों से जोड़ने और मजदूरों को अपने गांव-घर में ही काम देने की कोशिश में सरकार जुटी हुई है। शिविर लगा कर लोगों को योजनाओं से जोड़ने का अभियान फिर शुरू किया जाएगा।

3. रामगढ़ उपचुनाव आगामी एक-दो महीने के अंदर
रामगढ़ उपचुनाव आगामी एक-दो महीने के भीतर हो सकता है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि चीफ इलेक्शन ऑफिसर के रवि कुमार आनेवाले शुक्रवार को रामगढ़ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे। के रवि कुमार ने संकेत दिये हैं कि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो एक दो महीने के अंदर चुनाव करा लिए जायेंगे। भारत निर्वाचन आयोग उपचुनाव के लिए तैयार है। यहां याद दिला दें कि गोला गोलीकांड मामले में हजारीबाग सिविल कोर्ट ने रामगढ़ विधायक ममता देवी को 5 साल की सजा सुनायी है। इसके बाद ममता देवी की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई। अब रामगढ़ सीट खाली है।
4. कंझावला केस में अरेस्ट हुए पांच संदेही गुनहगारों की पुलिस रिमांड बढ़ा दी गई
दिल को झकझोर देने वाले दिल्ली के कंझावला केस में अरेस्ट हुए पांच संदेही गुनहगारों की पुलिस रिमांड बढ़ा दी गई है। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सान्या दलाल ने दिल्ली पुलिस को और चार दिनों की कस्टडी दी है। इससे पहले वे तीन दिनों की रिमांड पर थे। इंवेस्टिगेटिंग ऑफिसर ने सुनवाई के दरम्यान बताया कि जिस 13 किलोमीटर लंबे रास्ते पर अंजलि को कार से टक्कर मारने के बाद घसीटा गया था, उसकी जांच अभी पूरी नहीं हुई है। यहां याद दिला दें कि 31 दिसंबर की रात स्कूटी से जा रही 20 साल की अंजलि सिंह को कार ने टक्कर मारी थी। आरोपी उसे घसीटते हुए 13 किलोमीटर तक ले गए थे, जिससे अंजलि की मौत हो गई थी। अंजलि की डेड बॉडी कंझावला में सड़क पर मिली थी। उसके शरीर के हिस्से कुचले हुए थे। वहीं, बदन पर एक कपड़ा तक नहीं था।

5. राम मंदिर पर गृह मंत्री का बड़ा ऐलान
1 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर तैयार मिलेगा। इस बात का ऐलान आज यानी गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। यहां याद दिला दें कि राम मंदिर के लिए कानूनी लड़ाई 135 सालों से ज्यादा लंबी चली है। साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने इस लड़ाई पर विराम लगा दिया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसास एक ट्रस्ट बनाकर भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। साल 2020 की पांच अगस्त को पीएम मोदी ने राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था। 70 एकड़ के रामजन्मभूमि परिसर में संपूर्ण भारत को संजोने की प्लानिंग है। राम मंदिर 400 स्तंभों पर टिका होगा।

6. महिला थानेदार मेजरी बुरुवा को ACB ले गई
रामगढ़ की महिला थानेदार मेजरी बुरुवा घूस लेते धरा गई। हजारीबाग ACB की टीम ने उसे पैसे लेते रंगेहाथ दबोचा। इल्जाम है कि वह एक केस में मदद करने के नाम पर 10 हजार रुपये घूस ले रही थी। हजारीबाग ACB को एक शख्स ने लिखित शिकायत की थी कि केस में मदद करने को लेकर महिला थानेदार ने पैसों की डिमांड की है। मिली शिकायत पर एक्शन में आई ACB की टीम रामगढ़ थाना पहुंची और थानेदार के चेंबर में फाइल में रखे 10 हजार रुपयों के साथ थाना प्रभारी को अरेस्ट कर लिया। ACB की टीम थानेदार को अपने साथ हजारीबाग ले गई है।

7. रांची के हिंदपीढ़ी से 7 अपराधी धराये
राजधानी रांची के व्यस्त इलाकों में एक हिंदपीढ़ी से 7 अपराधियों को धर लिया गया। इनके पास से तीन देसी कट्टा, 6 जिंदा गोलियां, एक स्कॉर्पियो और तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं। रांची पुलिस कप्तान किशोर कौशल को हौले से बताया गया था कि कुछ क्रिमिनल्स राजधानी में बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। ये एक काले रंग की स्कॉर्पियो में घूम रहे हैं। पुलिस कप्तान ने कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय की देखरेख में एक टीम बनाई। बीती देर रात हिंदपीढ़ी के छोटा तालाब, खेत मोहल्ला के पास गाड़ियों की चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दरम्यान सामने से आती हुई एक काले रंग की स्कॉर्पियों को रोका गया। तलाशी ली गई तो अंदर बैठे सात लोगों के पास से अवैध हथियार और गोलियां मिलीं। सभी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया। पकड़े गये सातों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है।

8. बेड़ो पुलिस ने PLFI को बड़ा झटका दिया है
राजधानी रांची की बेड़ो पुलिस ने PLFI को करारा झटका दिया है। पुलिस ने संगठन के 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उनके पास से एक देसी कट्टा, पांच राउंड जिंदा गोलियां, एक लाख रुपये कैश, PLFI का लेटर पैड, मोबाइल फोन, एक बाइक और एक लैपटॉप जब्त किया है। यहां याद दिला दें कि बीते 19 दिसंबर को बेड़ो के शख्स से PLFI के नाम पर दस लाख की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में बेड़ो थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। रांची पुलिस कप्तान किशोर कौशल के निर्देश पर टीम का गठन किया गया। उग्रवादियों को दबोचने के लिए जाल बिछाया गया। पैसे लेकर शख्स को भेजा गया। शख्स ने उसे पैसे दे दिए जिसे उसे देने को PLFI ने बोला था। वह पैसे देकर निकल गया। उसके निकलने के बाद वहां छुपी पुलिस ने उग्रवादी का पीछा कर उसे दबोच लिया। कांड में शामिल कुल 4 लोगों को अरेस्ट किया गया है।

9. ओमीक्रोन के नये वैरियंट की भारत में एंट्री
कोरोना के ओमीक्रोन के नये वैरियंट ने भारत में भी एंट्री कर ली है। बीते 24 दिसंबर से तीन जनवरी के बीच कुल 124 बाहर से आये यात्री कोरोना पॉजिटिव पाये गये थे। इनमें ओमीक्रोन के 11 सब वैरियेंट पाये गये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार 124 संक्रमितों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गये, जिनमें से 40 की रिपोर्ट आ चुकी है। 14 सैंपल में एक्सबीबी सहित एक्सबीबी सब वैरियेंट मिले हैं। जबकि एक सैंपल में बीएफ 7.4.1 सब वैरियेंट का वायरस मिला है। इधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने देश के लोगों से बेवहज न घबराने की अपील की है। वहीं, सतर्क रहने और सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स का पालन करने को कहा है।

10. अमित शाह आगामी 6 जनवरी को झारखंड दौरे पर आ सकते हैं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 6 जनवरी को झारखंड दौरे पर आ सकते हैं। उनके आगमन को लेकर शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। गुरुवार की शाम रांची एयरपोर्ट से लेकर होटल रेडिसन ब्लू तक कारकेड रिहर्सल किया गया। 6 जनवरी को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद गृह मंत्री का काफिला किस रूट से होटल रेडिसन ब्लू पहुंचेगा और फिर वहां से किस रूट के द्वारा वापस एयरपोर्ट पहुंचेगा इसकी पूरी रिहर्सल गुरुवार को की गई। रांची एयरपोर्ट पर होम मिनिस्टर के कारकेड में शामिल होने वाली सभी गाड़ियों की सुरक्षा जांच के बाद रिहर्सल शुरू किया गया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद काफिला बिरसा चौक, सेटेलाइट चौक होते हुए अरगोड़ा चौक पहुंचा, उसके बाद अशोक नगर होते हुए होटल रेडिसन ब्लू पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट से लेकर होटल तक उन तमाम सुरक्षा ड्रिल को सड़क पर उतारा गया जो केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन के दौरान देखने को मिलेगा।

11. सितंबर में होगा मेंस Asia Cup
एशियन क्रिकेट काउंसिल ने 2023-24 के लिए क्रिकेट कैलेंडर जारी कर दिया है। काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह ने गुरुवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी पुष्टि की है कि मेंस एशिया कप 2023 सितंबर में आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गाया है। इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट का आयोजन 50 ओवर्स के फॉर्मेट में होगा। पिछली बार यह टी20 फॉर्मेट में खेला गया था। मेंस एशिया कप 2023 पाकिस्तान में ही होगा या नहीं, इस बात का खुलासा अभी नहीं किया गया है। जय शाह के ट्वीट के अनुसार, सितंबर में होने वाले वनडे एशिया कप में कुल 6 टीमें होंगी। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। एक ग्रुप में भारत, पाकिस्तान और क्वलिफायर-1 हैं। वहीं दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान हैं। लीग स्टेज में कुल 6 मैच होंगे। लीग स्टेज से एक ग्रुप से दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। फिर राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सुपर-4 होगा। इस दौरान 4 टीमों के बीच कुल 6 मैच होंगे, फिर फाइनल होगा। टूर्नामेंट में कुल 13 मैच होंगे।

इसे भी पढ़ें : बेड़ो के सब्जी मंडी को देख खुश हो गये DC… क्या बोले देखें
इसे भी पढ़ें : भारत में Omicron XBB.1.5 की एंट्री, अलर्ट मोड पर हेल्थ डिपार्टमेंट
इसे भी पढ़ें : सरकार का बड़ा फैसला, 8 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल… देखें
इसे भी पढ़ें : माशूका को गली में बुलाया, फिर कर दिया कांड… देखें








