Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर प्रखंड की गुलकेड़ा पंचायत सोमवार सुबह एक दर्दनाक खबर से दहल उठी। पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई (44 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। गुईगांव निवासी संजय बोयपाई रोज की तरह रविवार रात भोजन के बाद अपने घर के आंगन में सोये हुये थे। परिजनों के मुताबिक रात करीब 12 बजे दो-तीन बाइक पर सवार होकर कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधियों ने सो रहे संजय बोयपाई की कनपटी पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। संजय बोयपाई की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम
संजय बोयपाई खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और क्षेत्र में एक सक्रिय सामाजिक व्यक्ति के रूप में पहचाने जाते थे। उनके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, 18 वर्षीय पुत्र आकाश बोयपाई और 15 वर्षीय पुत्र शीतल बोयपाई सहित पूरे परिवार को छोड़ गये हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान को लेकर जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग की है। लोगों का कहना है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जानी चाहिये। फिलहाल पुलिस का दावा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जायेगा।
इसे भी पढ़ें : मानसून का हुआ आगमन, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट…
इसे भी पढ़ें : दिग्गज शेखर कपूर बोले, अगर सूर्यवंशी क्रिकेटर नहीं होते तो ‘मासूम’ में ले लेता…
इसे भी पढ़ें : पहली तारीख, बढ़ गये सिलेंडर के दाम… जानें कितना
इसे भी पढ़ें : मुंद्रा पोर्ट पर फिर ड्रग्स बरामदगी को लेकर कांग्रेस का ह’मला…
इसे भी पढ़ें : चेतावनी बोर्ड के बावजूद प्लास्टिक गैलन में डीजल, हो सकती है अनहोनी…






