Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं पूर्व मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन शनिवार को दुर्गा सोरेन की जयंती के अवसर पर लोवाडीह, रांची स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक पहुंचे। उन्होंने अलग झारखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मौके पर मंत्री जगरनाथ महतो, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीता सोरेन एवं अन्य ने भी दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि वीर शहीदों के आंदोलन और संघर्ष का परिणाम है अलग झारखंड राज्य। इसमें यहां के वीर सपूत निर्मल महतो, बिनोद बिहारी महतो सहित हजारों आदिवासी-मूल वासियों ने अहम भूमिका निभाई। इन महान विभूतियों ने जल, जंगल, जमीन एवं अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना को पूरा करने का काम कर दिखाया है। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। सीएम ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि झारखंड के जनमानस के बीच से जितने आंदोलनकारी निकल कर आए हैं तथा उन्होंने जिस तरह अपने आप को इस राज्य के लिए समर्पित किया है, यह हर किसी के लिए प्रेरणा स्रोत है।
हर चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के वीर सपूतों के लंबे संघर्ष के बाद अलग झारखंड राज्य हमें मिला, परंतु राज्य गठन के 20 साल पूरे होने के बाद भी जो विकास और उन्नति का सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था, वह टूटता- बिखरता नजर आया है। वर्ष 2019 में समस्त झारखंड वासियों ने पूरी ताकत और शिद्दत के साथ अपनी सरकार बनाई है। हमारी सरकार हर चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। कोरोना संक्रमण काल से निकलते हुए हमारी सरकार ने राज्य में सकारात्मक माहौल बनाने का काम किया है। हमारी सरकार निरंतर जन आकांक्षाओं और जनहित के कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
अलग झारखंड के लिए बड़े भाई ने सब कुछ न्योछावर कर दिया
सीएम ने कहा कि आज स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती पर उन्हें हर कोई याद कर रहा है। बड़े भाई दुर्गा सोरेन ने अपना जीवन राज्य एवं संगठन को समर्पित किया था। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए हम सभी को राज्य और संगठन को मजबूत और आगे बढ़ाना है।
जल, जंगल, जमीन को बचाना है
पूर्व मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन ने कहा कि आज हम अपने वीर शहीदों को याद कर रहे हैं। उन्होंने यहां की प्राकृतिक संपदा तथा जल, जंगल, जमीन को बचाने का काम किया है। आने वाली पीढ़ी भी झारखंड के जल,जंगल, जमीन बचाने का प्रयास करे, इसी में सबकी भलाई है।
परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद को किया नमन
स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर कांटाटोली चौक, रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मौके पर राज्य समन्वय समिति के सदस्य सह झामुमो के पूर्व केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, झामुमो राची जिलाध्यक्ष मुस्ताक आलम, केंद्रीय सदस्य समनुर मंसुरी, सुशीला एक्का, जिला सचिव डॉ. हेमलाल कुमार मेहता हेमू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : नशा कभी मत करना मेरे भाई, सुनें क्या बोल गये BSF के विश्वजीत
इसे भी पढ़ें : किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी सरकार : सीएम हेमंत सोरेन
इसे भी पढ़ें : हे भगवान, रात में सांप-बिच्छु ना डंसे, किसी के पेट में दर्द ना उठे, देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : भले सरकार के नाम कर देंगे, पर माफिया के हाथ जमीन नहीं जाने देंगे… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : लॉ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल की छात्राएं अचानक चीखने चिल्लाने लगी… देखें क्यों












