Bihar : कटिहार के कोढ़ा प्रखंड में महज 50 रुपये चोरी के संदेह में एक छात्रा की पिटाई का इल्जाम एक शिक्षिका पर लगा है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस फैसले की हो रही है, जो बाद में पंचायत ने सुनाया। यह मामला उत्क्रमित मध्य विद्यालय, झिकटिया का है, जहां छात्रा की पिटाई के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध बढ़ा तो गांव में पंचायत बैठी और वहीं ऐसा फैसला हुआ, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। खबर है कि बीते शुक्रवार को विद्यालय की शिक्षिका आभा कुमारी ने 50 रुपये चोरी के संदेह में एक छात्रा को छड़ी से पीट दिया। घर पहुंचने पर छात्रा ने परिजनों को शरीर पर पड़े चोट के निशान दिखाये। यह देखते ही परिवार के लोग नाराज हो गये और मामले की लिखित शिकायत कोढ़ा थाना और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से की।
स्कूल पहुंच गये ग्रामीण, हुआ विरोध-प्रदर्शन
शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और शिक्षिका का घेराव कर विरोध जताया। स्थिति बिगड़ती देख विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष चंदन कुमार ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद शिक्षकों, विद्यालय शिक्षा समिति और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक बुलाई गई।
15 छड़ी, 45 हजार रुपये का अर्थदंड
बैठक के दौरान शिक्षिका ने छात्रा को 15 छड़ी मारने की बात स्वीकार की और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का भरोसा दिया। इसके बाद पंचायत ने प्रति छड़ी 3 हजार रुपये के हिसाब से 45 हजार रुपये अर्थदंड लगाने का फैसला सुनाया। पंचायत के फैसले के मुताबिक, 10 हजार रुपये घायल छात्रा के इलाज के लिये दिये गये। 35 हजार रुपये मंदिर विकास के लिये मंदिर समिति के अध्यक्ष को सौंप दिये गये। हालांकि पंचायत के फैसले के बावजूद शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी नियमों के तहत विभागीय प्रक्रिया अलग से चलेगी।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने संबंधित शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा है। उनके अनुसार शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है और यदि आरोप सही पाये जाते हैं तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
इसे भी पढ़ें : एक ही परिवार के तीन भाई-बहन सदा के लिये खामोश…
इसे भी पढ़ें : मां दो मासूमों को लेकर कुएं में कूदी, दोनों की मौ’त…
इसे भी पढ़ें : कहीं बादल फटा, कहीं पहाड़ दरका, तीन राज्यों में मानसून बनी आफत…
इसे भी पढ़ें : TMC की ‘असली पहचान’ पर आया अहम फैसला… जानें
इसे भी पढ़ें : JIO का इतना सस्ता प्लान, सिम एक्टिव रखने की टेंशन खत्म…








