Kohramlive : राजस्थान के डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के लिखी बड़ी गांव स्थित वात्रक तालाब में नहाने गये छह लोगों में से चार की डूबने से मौत हो गई, वहीं, दो को ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ से बचा लिया। इस हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर यह रही कि मृतकों में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहन और उनकी फुफेरी बहन शामिल हैं। हादसे के बाद से पूरे गांव के लोग बेहद दुखी हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी गांव निवासी बाबूसिंह डामोर के बच्चे हिना, प्रतीक और इशिता अपने रिश्तेदारों के साथ वात्रक तालाब में नहाने पहुंचे थे। उनके साथ गुजरात के पालनपुर से छुट्टियां बिताने आई उनकी फुफेरी बहन रौनक भी थी। नहाने के दौरान चारों अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चले गये और डूबने लगे।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, दो लोगों की बची जान
तालाब में लोगों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीण बिना देर किये पानी में कूद पड़े और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने राजवीर और जयसिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, हिना, प्रतीक, इशिता और रौनक को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
एक पल में उजड़ गया परिवार
इस हादसे ने बाबूसिंह डामोर के परिवार से उनकी सबसे बड़ी पूंजी छीन ली। परिवार की दोनों बेटियां और इकलौते बेटे की इस हादसे में मौत हो गई। अब घर में केवल माता-पिता ही रह गये हैं। बड़ी बेटी हिना गांव के एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं। प्रतीक ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रहे थे। सबसे छोटी बेटी इशिता 11वीं कक्षा की छात्रा थी। गुजरात के पालनपुर निवासी रौनक महज चार दिन पहले ही अपने मामा के घर बड़ी गांव छुट्टियां बिताने आई थी। परिजनों ने सोचा था कि वह कुछ दिन अपनों के बीच हंसी-खुशी बिताकर लौटेगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिजन पालनपुर से बड़ी गांव के लिये रवाना हो गये। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद लिखी बड़ी गांव में शोक का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : मां दो मासूमों को लेकर कुएं में कूदी, दोनों की मौ’त…
इसे भी पढ़ें : कहीं बादल फटा, कहीं पहाड़ दरका, तीन राज्यों में मानसून बनी आफत…
इसे भी पढ़ें : TMC की ‘असली पहचान’ पर आया अहम फैसला… जानें
इसे भी पढ़ें : JIO का इतना सस्ता प्लान, सिम एक्टिव रखने की टेंशन खत्म…
इसे भी पढ़ें : गुमला में एक ही रोज सात लोगों को सांप ने डंसा, फिर…








