Kohramlive : तमिलनाडू सरकार ने नवजात बच्चों के लिये एक विशेष योजना शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को एक खास उपहार दिया जायेगा। तमिलनाडु सरकार ने इस योजना का नाम ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ रखा है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 15 सितंबर को इसकी आधिकारिक शुरुआत करेंगे। हालांकि बीते 22 जून या उसके बाद सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले सभी बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। योजना के तहत सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले हर नवजात को सरकार की ओर से एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जायेगी। मौजूदा बाजार दर के अनुसार इसकी कीमत करीब 13,600 रुपये है। इस योजना पर राज्य सरकार हर साल लगभग 755.83 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
सरकार निभायेगी ‘मामा’ का फर्ज
तमिलनाडु की संस्कृति में बच्चे के जन्म पर उसके सगे मामा द्वारा सोने का उपहार देने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आधार बनाकर सरकार ने कहा है कि वह राज्य के हर नवजात के लिये ‘मामा’ की भूमिका निभायेगी और उसके जन्म का स्वागत सोने की अंगूठी देकर करेगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से सरकारी अस्पतालों में लोगों का भरोसा और मजबूत होगा। आंकड़ों के अनुसार, सरकारी अस्पतालों में प्रसव का औसत खर्च 1,364 रुपये है, जबकि निजी अस्पतालों में यही खर्च 63 हजार रुपये से अधिक पहुंच जाता है। इस योजना की खास बात यह है कि इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं किया गया है। लड़का हो या लड़की, दोनों को समान रूप से लाभ मिलेगा। यह सुविधा केवल पहले या दूसरे बच्चे तक सीमित नहीं होगी। सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाला हर नवजात इसका हकदार होगा। योजना का लाभ लेने के लिये माता-पिता का तमिलनाडु का निवासी होना जरूरी होगा। अस्पताल में भर्ती के समय राशन कार्ड, आधार कार्ड या वोटर आईडी जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। सोने की अंगूठियों की सुरक्षा के लिये भी सरकार ने विशेष इंतजाम किये हैं। अस्पतालों में मजबूत लॉकर बनाये गये हैं, जिन्हें दो अलग-अलग अधिकारियों की चाबियों से ही खोला जा सकेगा। इसके अलावा पूरे क्षेत्र की निगरानी 24 घंटे CCTV कैमरों से की जायेगी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के समय यह अंगूठी सीधे बच्चे की मां को सौंपी जायेगी।
इसे भी पढ़ें : “मां, हम अभी आते हैं, ” और फिर कभी नहीं लौटे दो दोस्त…
इसे भी पढ़ें : तीस्ता किनारे दिखा दुर्लभ मेहमान,पहचान होते ही बढ़ी हलचल…
इसे भी पढ़ें : कुछ सेकेंड की फुर्ती ने बचा ली 3 जिंदगियां, वरना…
इसे भी पढ़ें : क्रिकेट के मैदान से दूर आज सबसे खास भूमिका में दिखेगा यह खिलाड़ी…
इसे भी पढ़ें : एक शादी ऐसी भी… बारात निकली, बैंड बजे, फिर दूल्हे के सामने आया दूसरा दूल्हा…












