Kohramlive : बचपन में अगर कोई घर की चौखट पर बैठ जाता था, तो दादी-नानी या घर के बड़े तुरंत टोक देते थे, “चौखट पर मत बैठो, यह शुभ नहीं होता।” समय बदला, सोच बदली और कई लोगों ने इसे महज अंधविश्वास मान लिया। लेकिन धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ इसके पीछे कुछ ऐसे व्यावहारिक कारण भी हैं, जो आज भी उतने ही प्रासंगिक माने जाते हैं।
धार्मिक मान्यता: चौखट को क्यों माना गया विशेष?
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार में हिरण्यकश्यप का वध संध्या के समय घर की चौखट पर किया था। इसलिये चौखट को केवल दरवाजे का हिस्सा नहीं, बल्कि एक पवित्र सीमा भी माना जाता है। एक अन्य मान्यता यह भी है कि चौखट पर बैठने से मां लक्ष्मी के घर में प्रवेश का मार्ग बाधित होता है। इसी वजह से सुख-समृद्धि की कामना के लिये भी चौखट पर बैठने से बचने की सलाह दी जाती है।
केवल आस्था नहीं, व्यवहारिक सोच भी
पुराने समय में घरों का निर्माण आज जैसा नहीं होता था। ऐसे में चौखट पर बैठना कई कारणों से उचित नहीं माना जाता था। मुख्य दरवाजा हवा के आने-जाने का रास्ता होता है। वहां बैठने से ताजी हवा का प्रवाह रुक सकता है। पहले अधिकतर घरों में मिट्टी का फर्श होता था, जहां दरवाजे के आसपास कीड़े-मकौड़े, सांप या बिच्छू छिपे होने की आशंका रहती थी। चौखट पर बैठने से इनके काटने का खतरा बढ़ सकता था। यानी यह सलाह सुरक्षा से भी जुड़ी हुई थी।
स्वच्छता और सुरक्षा का भी था ध्यान
चौखट घर का सबसे व्यस्त हिस्सा होती है। लोग लगातार उसी रास्ते से आते-जाते हैं। ऐसे में वहां बैठने से आने-जाने वालों को ठोकर लग सकती है। दरवाजे के पास ही जूते-चप्पल उतारे जाते हैं, जिससे धूल-मिट्टी और कीटाणु जमा हो सकते हैं। लंबे समय तक वहां बैठना स्वच्छता की दृष्टि से भी उचित नहीं माना जाता। कहते हैं कि हर परंपरा के पीछे कोई न कोई तर्क छिपा होता है हमारे बड़े-बुजुर्गों की कई सीखें सिर्फ धार्मिक विश्वासों तक सीमित नहीं थीं, बल्कि उनमें जीवन का अनुभव और व्यवहारिक समझ भी शामिल थी। चौखट पर न बैठने की सलाह भी ऐसी ही एक परंपरा है, जिसमें आस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन, चारों का सुंदर मेल दिखाई देता है। इसलिये किसी भी परंपरा को समझने से पहले उसके पीछे छिपे कारणों को जानना भी उतना ही जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : बरियातू में सब्जी लेकर लौट रही महिला बनी शिकार…
इसे भी पढ़ें : झारखंड के वित्त मंत्री ने लौटाई पूरी सुरक्षा…
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर बंद का दिखा बड़ा असर, क्या बोले प्रतुल शाहदेव… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : डेकेयर में मासूमों को वाशिंग मशीन में डाल देती थी आयायें…वीडियो वायरल
इसे भी पढ़ें : सरकारी नोटिस से तहलका, ये रडार पर…








