Kohramlive Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि शरद यादव के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से बहुत प्रेरित थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। इधर, शरद यादव के परिजनों ने छतरपुर स्थित उनके आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 12 जनवरी की रात को उनका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जदयू की मध्यप्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख गोविंद यादव ने कहा कि वरिष्ठ नेता का अंतिम संस्कार नर्मदापुरम (पहले होशंगाबाद) जिले की बाबई तहसील के उनके पैतृक गांव आंखमऊ में किया जाएगा। पार्थिव शरीर विमान से दिल्ली से मध्यप्रदेश लाया जाएगा।
1 जुलाई 1947 को हुआ था जन्म
शरद यादव का जन्म एक जुलाई 1947 को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद के बंदाई गांव के एक किसान परिवार में हुआ था। शरद यादव एक प्रमुख समाजवादी नेता थे। वे 70 के दशक में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल कर चर्चा में आए थे।
केंद्र की वीपी सिंह और वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे
शरद यादव यादव 1989 में वीपी सिंह नीत सरकार में मंत्री थे। उन्होंने 90 के दशक के अंत में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में भी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। 1990 में बिहार के मुख्यमंत्री बने लालू प्रसाद यादव को एक समय उनका समर्थन प्राप्त था।
2022 में अपनी पार्टी का राजद में विलय कर लिया था
बिहार के मुख्यमंत्री और जद (यू) नेता नीतीश कुमार द्वारा 2013 में भारतीय जनता पार्टी से नाता तोड़ने का फैसला करने के पहले वह भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक थे। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी भी बनाई। उन्होंने 2022 में अपनी पार्टी का राष्ट्रीय जनता दल में विलय कर लिया था।
बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शरद यादव के घर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार को ढांढस बंधाया। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने शरद यादव से राजनीति के बारे में बहुत कुछ सीखा है, वह आज हमारे बीच नहीं रहे तो काफी दु:ख हो रहा है। उन्होंने कभी अपना सम्मान नहीं खोया, जबकि राजनीति में सम्मान खोना बहुत आसान होता है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन से दुखी हूं। शरद यादव के साथ मेरा बहुत गहरा रिश्ता था। उनके निधन की खबर से स्तब्ध और दुखी हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनका निधन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय है। उनकी आत्मा को शांति मिले। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने शरद यादव के निधन को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने ट्वीट किया कि उनके निधन पर उनके परिवार और अनुयायियों को संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शरद यादव का हमारे बीच न रहना देश के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूर्णिय क्षति है। पांच दशक लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा जनता के मुद्दे और पिछड़ों के मुद्दे उठाए। समाजवादी पार्टी के मूल सिद्धांतों को अंतिम सांस तक वे आगे लेकर चलते रहें। आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ कर जो नेतृत्व निकला उसमें शरद यादव प्रमुख नेता थे। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवारजनों, समर्थकों, अनुयायियों को दुख सहन करने की शक्ति दे ऐसी प्रार्थना करता हूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को धार देने वाले हमारे वरिष्ठ नेता शरद यादव जी हमारे बीच में नहीं है। उनकी क्षति हम सभी को हमेशा खलती रहेगी।


इसे भी पढ़ें :बिहार में 81 डॉक्टर सेवा से बर्खास्त…देखें क्यों
इसे भी पढ़ें :शानदार, जानदार, लाजवाब है क्रूज गंगा विलास, खासियत जान रह जायेंगे दंग, देखें…
इसे भी पढ़ें :दूर कर लें कंफ्यूजन, कब है मकर संक्रांति ? 14 या 15 जनवरी, जानें…












