Patna : राजधानी पटना में मंगलवार को उस वक्त तहलका मच गया, जब मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री सचिवालय और दानापुर के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। हालांकि, ई-मेल में दिये गये समय के अनुसार दोपहर 3.11 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में विस्फोट की धमकी दी गई थी, लेकिन यह दावा झूठा साबित हुआ। किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। खबर है कि मंगलवार सुबह करीब 7.57 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ। इसमें दावा किया गया था कि दोपहर 3:11 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय को निशाना बनाया जायेगा। ई-मेल में यह भी लिखा गया था कि रात 9.11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास में बम विस्फोट किया जायेगा। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी गई। अब पुलिस की साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। तकनीकी जांच के जरिये मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और स्कूलों में सुरक्षा जांच लगातार जारी है।
दानापुर के चार स्कूलों को भी दी गई धमकी
धमकी भरे ई-मेल में दानापुर के चार स्कूलों का भी उल्लेख किया गया है, इनमें आर्मी पब्लिक स्कूल, दानापुर कैंट, रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल, डीपीएस सीनियर स्कूल, चांदमारी रोड, डीपीएस जूनियर स्कूल, चांदमारी रोड शामिल हैं। एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया। छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया गया और स्कूल परिसर में सुरक्षा जांच शुरू की गई।
डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड ने की जांच
धमकी मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीमों को मौके पर लगाया गया। मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास और संबंधित स्कूलों में सुरक्षा कर्मियों ने एक-एक जगह की जांच की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में पटना में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत थी। धमकी के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।

इसे भी पढ़ें : पत्नी को छेड़ने वाले दोस्त को पी’ट-पी’ट कर मा’र डाला…
इसे भी पढ़ें : इस थाने में लूट की खुली छूट, ऐसे खुला राज…
इसे भी पढ़ें : JPSC चेयरमैन का इस्तीफा!
इसे भी पढ़ें : हिंसा से तौबा, मुख्यधारा में बबिता की वापसी…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में घर-जमीन खरीदना अब और महंगा…








