हजारीबाग : बरकट्ठा थाना क्षेत्र बरकनगांगो गांव के पास स्थित जंगल से शनिवार की सुबह एक युवक की क्षत-विक्षत लाश मिली। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक की मौत हाथियों के कुचलने से हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को गांव के उमेश पासवान की पत्नी फुलवा देवी लापता हो गई थी। लापता महिला को ढूंढ़ने के लिए बलराम पासवान के साथ 5 लोग जंगल की ओर गए थे।
काफी खोजने के बाद भी महिला का कही कोई पता नहीं चला। रात होने की वजह से सभी लोग वापस गांव आ गए, लेकिन बलराम वापस नहीं आया था। शनिवार की सुबह जब ग्रामीण उसे खोजने जंगल की ओर गए तो पहाड़ के नीचे क्षत-विक्षत हालत में उसका शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। यह घटना बरकट्ठा थाना क्षेत्र बरकनगांगो गांव की है।
इसे भी पढ़ें : मेरे यार ने जो किया, वह दुश्मन भी न करे… जिस दोस्त को पनाह दी, वही पत्नी को लेकर भाग गया
मृतक गांव में ही मजदूरी कर अपना गुजर-बसर करता था। बरकनगांगो गांव के पास जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले रविवार से 27 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इसमें हाथियों के 6 बच्चे भी है। वन विभाग इन्हें भगाने के प्रयास में लगी हुई है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के 161 सीओ-बीडीओ का तबादला, जानिए कौन कहां गए












