Khunti : झारखंड के खूंटी जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों पर कई सवाल खड़े कर दिये हैं। जिस महिला के साथ राधेश्याम साहू लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था, उसी ने अपने बेटे और एक रिश्तेदार के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। हत्या के बाद पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन खूंटी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस रहस्यमयी मौत की परत-दर-परत सच्चाई सामने ला दी।
खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 15 जून 2026 को रनिया थाना क्षेत्र के तांबा जंगल के समीप राधेश्याम साहू का शव बरामद हुआ था। शव के पास उसकी स्कूटी भी खड़ी मिली थी। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच के दौरान कई ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने कहानी की दिशा ही बदल दी।
रिश्ते में बढ़ रही थी कड़वाहट
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राधेश्याम साहू और आरोपी महिला पिछले कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि राधेश्याम इसके लिए तैयार नहीं था। यही मतभेद धीरे-धीरे इतनी गहरी दुश्मनी में बदल गया कि महिला ने हत्या की साजिश रच डाली।
पहले डंडे से हमला, फिर गला दबाकर ली जान
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले राधेश्याम पर डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया। इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, मौत सुनिश्चित करने के लिये शव को स्कूटी पर लादकर तांबा जंगल ले जाया गया, जहां उसके सिर पर भारी पत्थर से वार किया गया।
हादसे का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव और स्कूटी को इस तरह घटनास्थल पर रखा कि मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे। लेकिन पुलिस की सूक्ष्म जांच और तकनीकी विश्लेषण के आगे उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
मोबाइल में मिले फोटो-वीडियो बने अहम सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुये एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर डीएसपी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुये तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, मृतक का मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त डंडा तथा घटना के समय पहनी गई चप्पलें बरामद की हैं। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल से कुछ फोटो और वीडियो भी मिले, जिन्होंने हत्या की साजिश और उसमें उनकी संलिप्तता की पुष्टि कर दी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम अटैक, ट्रेन से भाग रहे हमलावर धराये…
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव: विधानसभा में माननीयों के हर वोट पर नजर, ऐसे हो रही निगहबानी…
इसे भी पढ़ें : Citroen eC3X इलेक्ट्रिक कार लॉन्च, खासियत जानें…
इसे भी पढ़ें : नामकुम में वर्दी में मिला RPF जवान का श’व, मचा हड़कंप…
इसे भी पढ़ें : 40 हजार रुपये तक के बजट में मिल रहे ये इलेक्ट्रिक स्कूटर, खासियत जानें…












