UP : टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप ने डेहरी की बेटी अक्षिता राज का हाथ थामकर सात जन्मों का साथ निभाने का वचन लिया। वाराणसी के एक फाइव स्टार होटल में संपन्न हुई इस शाही शादी ने खेल, संस्कृति और परंपरा का ऐसा संगम रचा, जिसकी चर्चा अब हर ओर है। फूलों से सजे शानदार मंडप में जैसे ही अक्षिता राज लाल जोड़े में पहुंचीं, माहौल और भी खूबसूरत हो उठा। चेहरे पर शर्मीली मुस्कान और आंखों में नई जिंदगी के सपने लिये अक्षिता ने आकाशदीप को वरमाला पहनाई। उधर, भारतीय टीम के इस तेज गेंदबाज ने भी मुस्कुराते हुये अपनी जीवनसंगिनी को वरमाला पहनाकर हर सुख-दुख में साथ निभाने का वादा किया। उस पल तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामनाओं की बारिश ने पूरे माहौल को भावुक बना दिया।
बड्डी गांव से बनारस तक जश्न का रंग
रोहतास जिले के बड्डी गांव में पिछले चार दिनों से शादी की रस्मों का उत्सव चल रहा था। गांव की गलियों से लेकर रिश्तेदारों के आंगन तक, हर तरफ खुशियों का माहौल था। जब बारात वाराणसी पहुंची तो दूल्हे राजा का स्वागत किसी फिल्मी नायक की तरह हुआ। रोशनी, फूलों और संगीत से सजा पूरा परिसर मानो किसी सपनों की दुनिया में बदल गया था।
पावर स्टार पवन सिंह ने सजाई सुरों की महफिल
इस खास मौके पर भोजपुरी जगत के सुपरस्टार पवन सिंह भी पहुंचे। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और अपने गीतों से समारोह में चार चांद लगा दिये। शादी समारोह में भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार समेत खेल, फिल्म और सामाजिक जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। सितारों की मौजूदगी ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। शादी से पहले 21 जून को आयोजित तिलक समारोह भी खूब चर्चा में रहा था। उस कार्यक्रम में भी कई प्रतिष्ठित लोगों ने हिस्सा लिया था। आकाशदीप को बधाई देने के लिये राजनीतिक, सामाजिक और खेल जगत की हस्तियां लगातार उनके गांव पहुंच रही थीं।
वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरे, रिश्तों में बंधी दो दुनिया
दुल्हन अक्षिता राज डेहरी के मानिकपुर की रहने वाली हैं और उन्होंने बीआईटी मेसरा से शिक्षा प्राप्त की है। शिक्षा, संस्कार और सादगी का सुंदर संगम कही जाने वाली अक्षिता अब आकाशदीप के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी हैं। वैदिक मंत्रोच्चारण, पारंपरिक रीति-रिवाज और परिवार के आशीर्वाद के बीच दोनों ने सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया नाम दिया।वहीं, आकाशदीप का सफर किसी प्रेरक कहानी से कम नहीं है। रोहतास के छोटे से गांव बड्डी से निकलकर भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंचने की उनकी यात्रा मेहनत, संघर्ष और जुनून की मिसाल है। आज जब उन्होंने अपने जीवन की नई पारी शुरू की है, तो पूरा बिहार और देश उनके लिये खुशियां और सफलता की दुआ कर रहा है। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। क्रिकेट प्रेमी, खेल जगत के साथी और आम लोग नवदंपति को शुभकामनाएं दे रहे हैं। हर किसी की यही दुआ है कि मैदान पर अपनी तेज गेंदों से बल्लेबाजों को चौंकाने वाले आकाशदीप की जिंदगी में अक्षिता खुशियों, प्यार और सफलता की नई रोशनी लेकर आयें।
इसे भी पढ़ें : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव ने दिया इस्तीफा
इसे भी पढ़ें : रांची के सभी स्कूल कल रहेंगे बंद, आदेश जारी…
इसे भी पढ़ें : NH-19 पर दर्दनाक हा’दसा, उजाड़ गया परिवार…
इसे भी पढ़ें : 7 महीने पहले हुई शादी, ससुराल वालों पर खौफनाक इल्जाम!
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ में मची चीख-पुकार, 7 लोगों की मौ’त…








