Ranchi : झारखंड में सरकारी नौकरी पाने की चाहत रखने वाले युवाओं के लिये बेहतरीन मौका है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में 326 नियमित पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। इस भर्ती के जरिये स्वास्थ्य, मत्स्य, पशुपालन, नगर विकास और सांख्यिकी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी का अवसर मिलेगा। आयोग ने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करते हुये विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
20 जुलाई से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिये आवेदन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 20 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो जायेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 मध्य रात्रि तक रखी गई है। शुल्क भुगतान, फोटो-सिग्नेचर अपलोड और प्रिंट आउट की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 है। आवेदन में सुधार की अवधि 21 से 23 अगस्त तक है। अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के भीतर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
किस विभाग में कितनी रिक्तियां?
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 326 पदों पर नियुक्तियां की जायेंगी।
| पद का नाम | रिक्तियां |
|---|---|
| स्वास्थ्य पर्यवेक्षक (Health Supervisor) | 137 |
| बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता | 62 |
| मात्स्यकी तकनीकी सहायक | 41 |
| कीट संग्रहकर्ता (Insect Collector) | 32 |
| वेटनरी/चिकित्सा सहायक | 27 |
| कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक | 27 |
| कुल पद | 326 |
इन पदों को राज्य के विभिन्न विभागों और निदेशालयों में भरा जायेगा।
परीक्षा शुल्क भी बेहद कम
JSSC ने विभिन्न वर्गों के लिये अलग-अलग परीक्षा शुल्क निर्धारित किया है।
- सामान्य / ओबीसी / ईडब्ल्यूएस : 100 रुपये
- झारखंड के एससी / एसटी अभ्यर्थी : 50 रुपये
- 40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांग अभ्यर्थी : पूरी तरह निशुल्क
गलत कैटेगरी भरने पर आवेदन होगा रद्द
आयोग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सामान्य या पिछड़ा वर्ग का कोई अभ्यर्थी एससी-एसटी श्रेणी की रियायती फीस का लाभ लेने का प्रयास करता है, तो उसका आवेदन सीधे निरस्त कर दिया जायेगा। बिना शुल्क भुगतान के आवेदन भी स्वीकार नहीं किये जायेंगे।
ऐसे होगी परीक्षा
JSSC द्वारा परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) अथवा OMR आधारित ऑफलाइन मोड में आयोजित की जा सकती है। आयोग के अनुसार चयन प्रक्रिया चरणबद्ध होगी और निर्धारित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा। यह भर्ती विशेष रूप से उन युवाओं के लिये महत्वपूर्ण मानी जा रही है जो इंटरमीडिएट स्तर की सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्रों से जुड़े पदों की संख्या अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलने की संभावना है।
आवेदन से पहले पढ़ें पूरा विज्ञापन
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और विस्तृत पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में अवश्य पढ़ लें। किसी भी प्रकार की त्रुटि या अधूरी जानकारी के कारण आवेदन रद्द किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : सिया-चेतन में फोन पर 238 घंटे बाते हुई, अब…
इसे भी पढ़ें : टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप बने दूल्हा…
इसे भी पढ़ें : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव ने दिया इस्तीफा
इसे भी पढ़ें : रांची के सभी स्कूल कल रहेंगे बंद, आदेश जारी…
इसे भी पढ़ें : NH-19 पर दर्दनाक हा’दसा, उजाड़ गया परिवार…








