Kohramlive : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ से नवाजा गया है। स्वीडन की राजकुमारी विक्टोरिया ने जैसे ही यह सम्मान PM मोदी को सौंपा, पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। यह दो देशों के बीच भरोसे, दोस्ती और सांस्कृतिक रिश्तों की चमकती हुई मिसाल थी।
टैगोर की यादों ने बना दिया पल को ऐतिहासिक
इस खास मौके पर PM मोदी को एक बेहद भावुक और ऐतिहासिक उपहार भी दिया गया। एक खूबसूरत बॉक्स में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के दो हस्तलिखित कार्ड्स की हूबहू प्रतियां भेंट की गईं। गुरुदेव टैगोर, वही नाम, जिसने दुनिया को “गीतांजलि” दी। वही शख्स, जो नोबेल पुरस्कार पाने वाले पहले गैर-यूरोपीय बने। 1913 में वह स्वीडन जाकर पुरस्कार नहीं ले सके थे, लेकिन वर्षों बाद उनकी स्मृतियां फिर से दोनों देशों के रिश्तों के बीच पुल बनकर खड़ी दिखीं।
मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी को मिला यह सम्मान उनका 31वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड है। ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ को स्वीडन में किसी भी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 1748 में हुई थी। स्वीडन सरकार के अनुसार यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है, जिन्होंने सार्वजनिक जीवन, वैश्विक सहयोग और मानवीय मूल्यों में असाधारण योगदान दिया हो।
स्वीडिश पीएम ने कहा “मेरे मित्र, आपका स्वागत है”
प्रधानमंत्री मोदी जैसे ही गुटेनबर्ग एयरपोर्ट पहुंचे, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन खुद अगवानी के लिए मौजूद थे। स्वीडिश वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने PM मोदी के विमान को सुरक्षा दी। यह दृश्य किसी राजकीय समारोह से कम नहीं था। क्रिस्टर्सन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरे मित्र, स्वीडन में एक बार फिर आपका हार्दिक स्वागत है। दो लोकतंत्र, एक मजबूत संबंध।”
रिश्तों की नई पटकथा लिख रहे भारत और स्वीडन
दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार, हरित ऊर्जा, एआई, अंतरिक्ष, स्टार्टअप्स और नई तकनीकों पर लंबी बातचीत हुई। साल 2025 में भारत-स्वीडन व्यापार 7.75 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है और अब दोनों देश इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी में हैं।
उपहारों में भी दिखी भारत की मिट्टी की खुशबू
PM मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री को शांतिनिकेतन मैसेंजर बैग, गुरुदेव टैगोर की ‘गीतांजलि’, मणिपुर की लोकटक चाय और लद्दाख में बना मफलर भेंट किया। वहीं राजकुमारी विक्टोरिया को गोंड पेंटिंग और भारतीय संस्कृति पर आधारित पुस्तक उपहार में दी गई।
इसे भी पढ़ें : योगी मंत्रिमंडल के 8 नये मंत्रियों में विभागों का बंटवारा… देखें पूरी लिस्ट
इसे भी पढ़ें : वैभव सूर्यवंशी का धमाका, IPL में तोड़ा गिलक्रिस्ट का बड़ा रिकॉर्ड
इसे भी पढ़ें : झारखंड कांग्रेस की नई लिस्ट जारी, किसे-कहां मिली जिम्मेदारी… जानें
इसे भी पढ़ें : “मोदी जी आप टेंशन मत लो…” मासूम बच्ची का वीडियो वायरल…
इसे भी पढ़ें : Sale में Shopping करते हैं तो इन बातों का रखें ध्यान, वर्ना…






