Ranchi : रांची के सिकिदिरी थाना क्षेत्र के शांत माने जाने वाले हुंडरू फॉल मेन रोड पर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फिल्मी अंदाज में गैस कटर से ताला काटकर लाखों के गहनों पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया। वहीं, एक आरोपी अब भी फरार है। चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टेक्निकल सेल की मदद से चोरों को खोज निकाला। यहां याद दिला दें कि ढेलवाखुटा निवासी शशिकांत प्रसाद ने बीते 27 मई को प्राथमिकी दर्ज कराते हुये बताया था कि सिकिदिरी बस स्टैंड के समीप हुंडरू फॉल मेन रोड स्थित उनकी दुकान “सोनी ज्वेलर्स” का ताला गैस कटर से काटकर चांदी के आभूषण चोरी कर लिये गये हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुये रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन के निर्देश पर सिल्ली DSP मनीष चंद्र लाल के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई गई।
पहले की रेकी, फिर रात में बोला धावा
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वारदात से कई दिन पहले उन्होंने दुकान और आसपास के इलाके की रेकी की थी। 26 मई की रात पांचों आरोपी एक कार और मोटरसाइकिल से सिकिदिरी पहुंचे। योजना के तहत एक व्यक्ति को थाना के आसपास निगरानी के लिये लगाया गया, जबकि दो लोगों को दुकान के दोनों तरफ चौकसी के लिये खड़ा किया गया। इसके बाद दो आरोपी गैस कटर मशीन से दुकान का ताला काटकर अंदर घुसे और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गये। वारदात के बाद सभी आरोपी हुंडरू और अनगड़ा होते हुये ओरमांझी के ईरबा क्षेत्र पहुंच गये। पूछताछ में एक दिलचस्प खुलासा भी हुआ। आरोपियों ने बताया कि चोरी के दौरान कुछ ऐसे आभूषण भी उठा लिये गये थे जो देखने में सोने जैसे लग रहे थे। बाद में जब पता चला कि वे असली सोने के नहीं हैं, तो उन्हें फेंक दिया गया। वहीं चांदी के सिक्के और अन्य जेवर पांचों आरोपियों ने आपस में बांट लिये। कुछ सामान बेचकर मिले पैसों को बकरीद के दौरान खर्च भी कर दिया गया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई। छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये चोरों के नाम अरमान अंसारी (चंदवे, पिठोरिया), फरहान अंसारी (ईरबा, ओरमांझी), एजाज शाह ( ईरबा, ओरमांझी) हसनैन अंसारी (ईरबा, ओरमांझी) बताये गये। इनकी निशानदेही पर चोरी किये गये कई चांदीनुमा आभूषण, लक्ष्मी-गणेश के सिक्के, बिछिया, ताबीज, कछुआ, छिपकली और अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई एक ऑल्टो कार, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर और गैस कटर मशीन भी जब्त की गई है।
इसे भी पढ़ें : ATM में फंसा कार्ड, मददगार बनकर आया शख्स कर गया ये कांड…
इसे भी पढ़ें : यूपी को मिला स्थायी DGP…
इसे भी पढ़ें : हिनू रजिस्ट्री ऑफिस के पास युवक की मिली डे’ड बॉडी…
इसे भी पढ़ें : गर्भवती की ह’त्या पर उबाल, अमर बाउरी बोले, सत्ता के साये में फल-फूल रहे अपराधी…
इसे भी पढ़ें : 1 जून से झारखंड में बस यात्रा होगी महंगी, इन रूटों पर बढ़ा किराया… जानें






