Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के पुलिस कप्तान अमन कुमार आज अचानक खुद थानों की चौखट पर पहुंच गये। फाइलों से लेकर फरियादियों तक, हर व्यवस्था को करीब से देखा गया और साफ संदेश दिया गया कि लंबित मामलों में अब ढिलाई नहीं चलेगी। पुलिस कप्तान ने रविवार को महिला थाना नगर उंटारी और हरिहरपुर ओपी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया और लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान SP ने थाने की कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच की। दैनिकी और अभिलेखों का संधारण, हाजत और मालखाना की स्थिति, Crime and Criminal Tracking Network and Systems प्रणाली का संचालन, सिरिस्ता कार्य और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली उन्होंने रजिस्टर और पंजियों में पाई गई त्रुटियों को शीघ्र सुधारने का निर्देश दिया। SP ने थाने में आने वाले लोगों के लिये बैठने की व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाने में आने वाले हर व्यक्ति को सम्मानजनक और सुविधाजनक माहौल मिलना चाहिये। SP अमन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों की जांच निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाये। वहीं, थाना परिसर और कार्यालय में साफ-सफाई बनाये रखने और पुलिसिंग में पूरी पारदर्शिता बरतने को कहा, ताकि जनता का भरोसा कायम रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों और चौकीदारों को जन-केंद्रित पुलिस सेवा को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिये और हर पीड़ित को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिये। मौके पर SDPO सतेन्द्र नारायण सिंह, इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार आजाद, नगर ऊंटारी के थानेदार उपेन्द्र कुमार, महिला थानेदार रूकमणि कुमारी एवं हरिहरपुर ओपी के थानेदार नसीम अंसारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : झमाझम बरसेंगे मेघ, आज से आंधी-तूफान-ठनका का दौर शुरू, जानें कब तक






