- उपायुक्त रांची छवि रंजन ने की वर्चुअल मीटिंग
- सभी कोषांगों के कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा
- जिला में टीकाकरण कार्य की भी समीक्षा
- वरीय पदाधिकारी योजना बनाकर लोगों को टीकाकरण के प्रति करें जागरुक
- सदर अस्पताल में चाइल्ड वार्ड की तैयारी की ली जानकारी
Ranchi : रांची डीसी छवि रंजन ने जिला में कोरोना संक्रमण के रोकथाम के गठित विभिन्न कोषांगों और टीकाकरण कार्य की समीक्षा की। वर्चुअल मीटिंग में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन रांची, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं संबंधित चिकित्सक जुड़े थे।
जांच बढ़ाने का निर्देश
डीसी छवि रंजन ने जिला में कोविड जांच की जानकारी ली। स्टैटिक और मोबाइल वैन के माध्यम से प्रतिदिन कोविड जांच की जानकारी लेते हुए रांची SDM उत्कर्ष गुप्ता को जांच बढ़ाने के निर्देश दिये।
होम आइसोलेशन सेल की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने एसडीओ बुण्डू समीरा एस को प्रतिदिन होम आइसोलेशन के मरीजों का रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिला में कोविड-19 के सक्रिय मामले और कंटेनमेंट जोन की जानकारी लेते हुए उपायुक्त महोदय ने सभी इंसिडेंट कमांडर से रिपोर्ट लेकर ठीक हो चुके मरीजों के कंटेनमेंट जोन डिनोटिफाई करने का निदेश अपर समाहत्र्ता को दिया। कॉन्टैक्ट टेस्टिंग सेल की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
प्लान बनाकर काम करें वरीय पदाधिकारी
जिला के वरीय पदाधिकारी सप्ताह में तीन दिन विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर टीकाकरण कार्य के निरीक्षण के साथ लोगों को जागरुक करने का काम कर रहे हैं। डीसी छवि रंजन ने वर्चुअल मीटिंग में वरीय पदाधिकारियों से उनके अनुभव के बारे भी पूछा। वरीय पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि टीकाकरण को लेकर लोगों के मन में कई तरह की भ्रांतियां हैं। उपायुक्त ने सभी वरीय पदाधिकारियों को योजना बनाकर लोगों को जागरुक करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्थानीय जनप्रतिनिधि/धार्मिक गुरु के सहयोग एवं लोगों से बातचीत कर उनकी गलतफहमी दूर करते हुए टीकाकरण के प्रति जागरुक करें। उन्होंने मनरेगा जॉब साइट पर पर टीकाकरण कराने का निदेश दिया। उपायुक्त ने वरीय पदाधिकारियों को निदेश दिया कि वो प्रखंड विकास पदाधिकारी, एमओआईसी, सीडीपीओ से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित करें कि स्टैटिक वैक्सीनेशन के साथ मोबाइल वैन के माध्यम से भी लोगों का टीकाकरण हो।
पोर्टल में ससमय रिपोर्ट अपलोड करने का निर्देश
बैठक दौरान उपायुक्त श्री छवि रंजन ने 18-44 आयु वर्ग के लोगों को टीकाकरण पर दिये जा रहे ग्रीन कार्ड, ग्रामीण इलाकों में की जा रही मेडिकल स्क्रीनिंग और कोविन पोर्टल पर वॉयल्स की जानकारी ससमय अपलोड करने का निर्देश दिया। इस संबंध में डीआरसीएचओ को उपायुक्त महोदय के माध्यम से आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
ऑक्सीजन पाइपलाइन की कार्यप्रगति की जानकारी ली
बैठक के दौरान उपायुक्त छवि रंजन ने अनुमंडलीय अस्पताल बुण्डू एवं इटकी में ऑक्सीजन पाइपलाइन की कार्यप्रगति की जानकारी लेते हुए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिये। साथ ही सदर अस्पताल के तीसरे तल्ले में पाइपलाइन के कार्य और मैनिफोल्ड कनेक्शन को लेकर उन्होंने सिविल सर्जन को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सिविल सर्जन से कहा कि आनेवाले 7-10 दिनों में मैनिफोल्ड से कौन-कौन से फ्लोर कनेक्ट होंगे इसकी जानकारी दें।
चाइल्ड वार्ड की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त छवि रंजन ने सिविल सर्जन से जल्द से जल्द तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया। डीसी ने सिविल सर्जन से लॉजिस्टिक्स और आधारभूत संरचना पर फोकस करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अन्य कोषांगों के कार्यो की भी समीक्षा करते हुए संबंधित नोडल पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : 6th #JPSC परीक्षा को लेकर हाइकोर्ट का बड़ा फैसला, मेरिट लिस्ट को किया रद्द
इसे भी पढ़ें : थाना से महज 2 किमी दूर उग्रवादियों का उत्पात, पुल निर्माण कार्य रोका, दी ये धमकी








