गढ़वा : गुरुवार की रात लगभग 8:30 बजे सुन पुरवा निवासी पप्पी खान को अज्ञात अपराधियों ने सोनपुरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी तथा पत्थर से उसके चेहरे को कूच दिया था। मृतक की पत्नी नुसरत खातून के लिखित आवेदन पर पुलिस ने गढ़वा थाना कांड संख्या 97 /2021 के अंतर्गत धारा 302/ 34 भादवी एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसन्धान प्रारम्भ किया है।
गढ़वा एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दिया गया था तथा शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया था।
एसडीपीओ ने आगे बताया कि घटना का उद्भेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आरक्षी अधीक्षक खोत्रे श्रीकांत सुरेश राव के निर्देशानुसार मेरे एवं थाना प्रभारी गढ़वा राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन कर कांड के उद्भेदन हेतु सबसे पहले प्राथमिकी अभियुक्त कृष्णा पासवान को गिरफ्तार किया गया।
पासवान ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पप्पी खान को अपने सहयोगियों शाहबाज खान, समीर खान, जान खान, बिलाई, दीपू पवारिया के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
पासवान ने पुलिस को यह भी बताया कि इस घटना में ब्लू रंग का स्विफ्ट डिजायर कार का उपयोग किया गया है। पासवान ने यह भी स्वीकार किया कि पप्पी खान पर कट्टे से सबसे पहली गोली उसने चलाई थी तथा दूसरी गोली शाहबाज खान के द्वारा मारी गई थी। उसने आगे बताया कि गोली मारने के बाद उसके शव को पत्थर से भी कूचा गया था।
एसडीपीओ ने बताया कि 1 साल पहले ही स्टेशन रोड में पाले खान नामक व्यक्ति की हत्या हो गई थी जिसमें कृष्णा पासवान को गिरफ्तार कराने में पप्पी खान ने अहम रोल निभाया था इसी कारण उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : राज्यपाल के बाद अब वित्त मंत्री ने लगवाया टीका, कहा-वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित
इसे भी पढ़ें : यह कैसी भक्ति, ताजमहल में शिवपूजा, शिव का अपमान, जानें दोषी कौन






