Kohramlive : देश में पेट्रोल, डीजल और LPG की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच Ministry of Petroleum and Natural Gas ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। मंत्रालय ने कहा है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और LPG की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है तथा कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है। मंत्रालय के अनुसार देशभर में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप सामान्य रूप से खुले हैं और बिना किसी बाधा के ईंधन की आपूर्ति कर रहे हैं। भारत वैश्विक ऊर्जा बाजार में मजबूत स्थिति में है। देश दुनिया का चौथा सबसे बड़ा पेट्रोलियम रिफाइनर है। वहीं, पांचवां सबसे बड़ा ईंधन निर्यातक है।भारत 150 से अधिक देशों को परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति करता है। मंत्रालय का कहना है कि इस मजबूत ढांचे के कारण देश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता संरचनात्मक रूप से सुनिश्चित है। कुछ पेट्रोल पंपों पर घबराहट में खरीदारी की घटनायें सामने आई थीं, जिन्हें सोशल मीडिया पर फैली गलत जानकारी का असर बताया गया है। हालांकि बढ़ी हुई मांग के बावजूद सभी जगह ईंधन उपलब्ध कराया गया। मंत्रालय के अनुसार भारत को 41 से अधिक देशों से कच्चे तेल की आपूर्ति मिल रही है। पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है। भारत की सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत से अधिक क्षमता पर चल रही हैं, जबकि तेल कंपनियों ने अगले 60 दिनों के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति पहले ही सुनिश्चित कर ली है।
74 दिनों का कुल भंडार
सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में केवल 6 दिन का भंडार होने की बात पूरी तरह गलत है। भारत की कुल भंडारण क्षमता 74 दिन है। वहीं, वर्तमान उपलब्ध भंडार में लगभग 60 दिन हैं। इसमें कच्चे तेल, पेट्रोल-डीजल उत्पादों और रणनीतिक भूमिगत भंडार का स्टॉक शामिल है। LPG को लेकर भी मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की है। घरेलू रिफाइनरियों में उत्पादन 40% बढ़ा है। दैनिक उत्पादन करीब 50 TMT तक पहुंच गया है। देश की कुल जरूरत लगभग 80 TMT है, जबकि शेष आवश्यकता आयात से पूरी की जा रही है। इसके अलावा अमेरिका, रूस और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों से 800 TMT LPG कार्गो पहले ही सुरक्षित किये जा चुके हैं। तेल कंपनियां रोजाना 50 लाख से अधिक LPG सिलेंडर बांट रही हैं। सरकार पाइपलाइन से मिलने वाली प्राकृतिक गैस यानी Piped Natural Gas (PNG) को भी बढ़ावा दे रही है। यह सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर ईंधन माना जाता है। देश में शहरी गैस वितरण नेटवर्क भी तेजी से बढ़ा है और घरेलू PNG कनेक्शन 1.5 करोड़ से अधिक हो चुके हैं। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रामक वीडियो और पोस्टों पर गंभीर चिंता जताई है। इनमें पेट्रोल पंपों की कतारों और अन्य देशों की खबरों को जोड़कर भारत में ईंधन संकट की गलत तस्वीर पेश की जा रही है। सरकार ने साफ कहा है कि ईंधन की उपलब्धता से जुड़ी गलत जानकारी फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे ईंधन से जुड़ी जानकारी के लिये केवल सरकारी स्रोतों पर ही भरोसा करें।
इसे भी पढ़े :रिंकू सिंह बने ऑफिसर, कितनी मिलेगी सैलरी और क्या होगा रोल… जानें
इसे भी पढ़े :ड्यूटी से गायब हुये तो होगी कार्रवाई… देखें वीडियो
इसे भी पढ़े :रामनवमी महोत्सव का न्योता स्वीकार किया CM हेमंत सोरेन ने…
इसे भी पढ़े :CM हेमंत सोरेन ने दिया शांति और भाईचारे का संदेश…
इसे भी पढ़े :रांची में गूंजेगा T20 का रोमांच, कब-कब मैच… देखें पूरा शेड्यूल












