- आंगन से बकरी भगाने पर हुआ विवाद
- जरीडीह के गायछंदा की घटना
बोकारो : आंगन में घुसी बकरी को चाची ने भगाया, तो भड़क गया भतीजा। गुस्से में उठा लिया धारदार हथियार और चाची पर कर दिया वार। इससे मौके पर ही चाची की हो गई मौत। वाकया हुआ बोकारो के जरीडीह थाने के गायछंदा में। मृतका की पहचान 42 साल की अष्टमी देवी के रूप में हुई। उनके पति भरत कर्मकार की मौत हो चुकी है। आरोपी भतीजे का नाम हारू कर्मकार है।
चाची के सिर पर किया वार
घटना के बारे में बताया गया कि अष्टमी देवी रोज की तरह अपने आंगन में बैठी थी। तभी एक बकरी टहलते हुए वहां आ गई। अष्टमी देवी ने उस बकरी को भगा दिया। इस पर हारू भड़क गया। वह अपनी चाची को डांटने लगा, गाली-गलौज भी की। इसके बाद गुस्से में आकर वहां रखे एक धारदार हथियार से चाची के सिर-ललाट पर वार कर दिया। इसके बाद उसकी चाची ने वहीं दम तोड़ दिया। फिर भी आसपास के लोग महिला को जैनामोड़ के रेफरल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें : कलयुगी बेटे ने मां को डंडे से ऐसे मारा कि…
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना के बाद जरीडीह थाना प्रभारी मो रुस्तम खान अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी भतीजे की गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है।
इसे भी पढ़ें : भैरव के मामा राम सिंह, नाबालिग बेटे-भतीजे को Police ने छोड़ा












