लोहरदगा: नक्सल विरोधी अभियान के तहत गश्ती कर रहे सुरक्षाबल के जवानों को नक्सलियों ने आईईडी धमाका कर उड़ा देने की कोशिश की। लोहरदगा के दुंदरु जंगल में हुए आईईडी ब्लास्ट के बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने गश्ती और तेज कर दी है। सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवानों ने दुंदरू मैदान की घेराबंदी भी कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ 158 बटालियन के जवान नक्सल विरोधी अभियान में निकले हुए थे। इस अभियान में सेरेंगदाग थाने के सैट जवान भी शामिल थे। जवान जैसे ही दुंदरू जंगल के पास पहुंचे, अचानक सैट के जवान का पैर आईईडी के ऊपर पड़ गया, जिससे ब्लास्ट हो गया।
घायल जवान दुलेश्वर प्रसाद को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से रांची ले जाया गया। रांची के मेडिका में इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया।

जैप वन ग्राउंड में शहीद जवान दुलेश्वर प्रसाद को पुष्प चक्र अर्पित कर सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि।














