Palamu : पलामू में मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ TSPC का सब जोनल कमांडर गौतम यादव आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जानकारी के मुताबिक, गौतम यादव पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अपने रिश्तेदार के साथ यूपी के वाराणसी भाग गया था और वहां ‘मिथिलेश यादव’ नाम से अस्पताल में इलाज करवा रहा था। लेकिन पलामू पुलिस को इसकी भनक लग गई। ASP राकेश सिंह की अगुवाई में एक टीम बनारस पहुंची और पूरे मामले की पुष्टि के बाद गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे इलाज के लिए पुलिस कस्टडी में रखा गया है, हालत ठीक होने के बाद पलामू सेंट्रल जेल शिफ्ट किया जायेगा।
गौरतलब है कि 15 मई को मनातू थाना क्षेत्र के होटवाग जंगल में पुलिस और TSPC उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें गौतम को पेट में गोली लगी थी। उसे बचाने की जिम्मेदारी टीएसपीसी के टॉप कमांडर शशिकांत गंझू ने ली थी, जो खुद 10 लाख का इनामी है। उसी ने इलाज का इंतज़ाम किया और गौतम को बनारस भिजवाया। SP रीष्मा रमेशन ने बताया कि गौतम से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे का ऑपरेशन तेज़ किया गया है। साथ ही जो लोग उसे फरारी में मदद कर रहे थे, उनकी भी पहचान की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : मगरमच्छों को इंसानी जिस्म परोसता था ये ‘डॉक्टर डे’थ’…






