Ranchi : झारखंड में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार रविवार (22 जून) से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आसमान में बादल छाये रहने के साथ कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों के लिये विशेष अलर्ट
मौसम केंद्र ने राज्य के दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों के कई जिलों के लिये विशेष चेतावनी जारी की है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं। इन इलाकों में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
23 और 24 जून को भी रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 23 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवा का खतरा बना रहेगा।
24 जून को भी उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य भागों को छोड़कर अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कई इलाकों में गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव के साथ कई मौसमी प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। उत्तर भारत से बिहार तक फैली मौसमी द्रोणिका, झारखंड से होकर गुजर रही ट्रफ लाइन और पूर्वी बिहार-पश्चिम बंगाल के बीच बने निम्न वायुमंडलीय दबाव क्षेत्र के कारण राज्य में नमी बढ़ी है। इसी वजह से बादलों का विकास तेजी से हो रहा है और बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।
तापमान में दिखा जिलावार अंतर
रविवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा में 34.8 डिग्री, जमशेदपुर में 32.6 डिग्री और बोकारो में 35.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने के साथ तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।


इसे भी पढ़ें : बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अफसर इधर से उधर… देखें लिस्ट
इसे भी पढ़ें : शिक्षा की मशाल बनकर उभरे सुनील बाबू…
इसे भी पढ़ें : मानसून में बढ़ा डेंगू-मलेरिया का खतरा, क्या बोल गये मशहूर डॉ वर्मा… जानें
इसे भी पढ़ें : रेल यात्रियों के लिये बड़ा बदलाव: महिला कोच में घुसे तो मिलेगा ये दंड…
इसे भी पढ़ें : 90 साल की उम्र में दी परीक्षा, लिखी हौसले की नई इबारत…










