महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर फैलाएंगी जागरूकता
कोहराम लाइव डेस्क : यह बड़ी बात है कि मिस वर्ल्ड 2017 प्रतियोगिता की विजेता मानुषी छिल्लर (Manushi Chhillar) को महिलाओं के खिलाफ लिंग आधारित हिंसा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने ‘ऑरेंज द वर्ल्ड‘ नामक वैश्विक पहल में शामिल किया है। 23 वर्षीय मॉडल-अभिनेत्री ने कहा कि महिलाएं हर कहीं अलग-अलग तरह से हिंसा का शिकार होती हैं और यह देखकर उन्हें बेहद दुख होता है। मानुषी छिल्लर ने एक बयान में कहा कि सभी आयु वर्ग की महिलाओं को खतरा है। एक महिला होते हुए इस बात का एहसास पीड़ादायक होता है।
इसे भी पढ़ें : चूल्हे पर खाना बनाते दिखे सलमान, बीना काक भी साथ आईंं नजर
कोविड महामारी के दौरान महिलाओं के खिलाफ बढ़ी हिंसा
मानुषी का कहना है कि महिलाओं को हिंसा के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और अन्य महिलाओं को भी यह करने के लिए सशक्त बनाना चाहिए। अभिनेत्री का मानना है, “कोविड-19 महामारी के दौरान, महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले बढ़ गए हैं। घरेलू हिंसा के मामले बढ़े हैं, लेकिन जैसा कि हम कोविड-19 से उबरने की दिशा में काम कर रहे हैं वैसे ही हमें एक ऐसी दुनिया के पुनर्निर्माण की दिशा में भी सक्रिय रूप से काम करने की जरूरत है जो महिलाओं के लिए सुरक्षित हो।”
अक्षय के साथ ‘पृथ्वीराज‘ फिल्म में करेंगी काम
मानुषी यश राज फिल्म्स की इतिहास पर आधारित फिल्म ‘पृथ्वीराज‘ में अक्षय कुमार के साथ काम करेंगी और फिल्मों में पदार्पण कर रही हैं। चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित यह फिल्म सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित है। कुमार इसमें चौहान का किरदार निभाएंगे, जबकि मानुषी संयोगिता की भूमिका में नजर आएंगी।
इसे भी पढ़ें : Corona Positive हुए ‘अतरंगी रे’ के डायरेक्टर आनंद एल. राय












