Garhwa : गढ़वा के चिनिया थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। मसरा गांव के पास जंगल में एक नर कंकाल मिलने से सनसनी मच गई। कंकाल के आसपास टूटे मोबाइल के टुकड़े, कपड़े और बेल्ट बरामद हुये हैं। शुरुआती जांच में मामला हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है और घरवाले अपहरण के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मसरा गांव निवासी करीब 30 साल के जय मंगल सिंह पिछले 13 मई से लापता थे। बताया जा रहा है कि गायब होने वाली रात गांव के ही सुदामा सिंह के साथ उनका विवाद हुआ था। इसके बाद से जय मंगल सिंह का कोई पता नहीं चला। परिवार वालों को लगा कि वह किसी काम से बाहर चले गये होंगे, इसलिए थाने में तत्काल सूचना नहीं दी गई।
लेकिन गुरुवार सुबह मामला उस वक्त खौफनाक मोड़ ले लिया, जब गांव के कुछ लोग केंदू पत्ता तोड़ने लामी घुटरा जंगल पहुंचे। जंगल के अंदर क्षत-विक्षत हालत में पड़े नर कंकाल को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गये। देखते ही देखते इलाके में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही चिनिया थानेदार बीकू कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कंकाल के अवशेष, टूटे मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
परिजनों ने बरामद कपड़ों और सामान के आधार पर शव की पहचान जय मंगल सिंह के रूप में की है। वहीं पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के ही सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। थानेदार बीकू कुमार रजक ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा। फिलहाल जंगल में मिले इस नर कंकाल ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चायें कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : PLFI सुप्रीमो अमृत होरो चढ़ा रांची पुलिस के हत्थे…
इसे भी पढ़ें : OLA का नया दांव, अब डिलीवरी मार्केट में उतरेगी कंपनी…
इसे भी पढ़ें : भारत में पहली बार आया Micro RGB TV…
इसे भी पढ़ें : लगातार घंटों AC चलाना बन सकता है बड़ा खतरा…
इसे भी पढ़ें : हर छोटी बात पर जरूरत से ज्यादा सोचना घातक… जानें






