Kohramlive : भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में तेजी से अपनी पहचान बना चुकी Ola Electric अब कमर्शियल ई-स्कूटर सेगमेंट में बड़ा कदम रखने जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कंपनी खासतौर पर डिलीवरी एजेंट्स, क्विक कॉमर्स और फ्लीट ऑपरेटरों के लिये नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर सकती है। बढ़ती पेट्रोल कीमतों और कम ऑपरेटिंग कॉस्ट की मांग के बीच Ola का यह कदम बाजार में बड़ा बदलाव ला सकता है।
ARAI से मिली मंजूरी, लॉन्च की तैयारी तेज
मीडिया रिपोर्ट्स और सर्टिफिकेशन दस्तावेजों के अनुसार कंपनी को भारतीय वाहन अनुसंधान संघ (ARAI) से जरूरी होमोलोगेशन मिल चुका है। किसी भी वाहन को बाजार में उतारने से पहले यह सबसे महत्वपूर्ण मंजूरी मानी जाती है। मंजूरी मिलने के बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि ओला जल्द ही अपना कमर्शियल ई-स्कूटर बाजार में पेश करेगी।
डिलीवरी कंपनियों को होगा सीधा फायदा
बताया जा रहा है कि यह नया स्कूटर खासतौर पर फूड डिलीवरी, लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। संभावना है कि यह स्कूटर मौजूदा S1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा, लेकिन इसमें बिजनेस इस्तेमाल के हिसाब से बदलाव किए जाएंगे ताकि लगातार लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन मिल सके।
70Km/h की स्पीड और दमदार मोटर
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में 4kW की मोटर दी जा सकती है। इसकी टॉप स्पीड करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। शहरों में तेजी से डिलीवरी करने वाले राइडर्स के लिए यह स्पीड काफी उपयोगी मानी जा रही है। साथ ही कम रनिंग कॉस्ट और आसान चार्जिंग इसे और आकर्षक बना सकती है।
बढ़ती पेट्रोल कीमतों के बीच EV की मांग तेज
देशभर में लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने डिलीवरी कंपनियों की लागत बढ़ा दी है। यही वजह है कि अब कंपनियां तेजी से इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की ओर रुख कर रही हैं। कम खर्च, कम मेंटेनेंस और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर विकल्प होने के कारण ई-स्कूटर की मांग लगातार बढ़ रही है।
OLA के लिये क्यों अहम है यह कदम, जानें
अब तक ओला इलेक्ट्रिक का फोकस मुख्य रूप से पर्सनल मोबिलिटी सेगमेंट पर था। लेकिन कमर्शियल मार्केट में उतरना कंपनी के लिये नई ग्रोथ का रास्ता खोल सकता है। भारत में ई-कॉमर्स और इंस्टेंट डिलीवरी सर्विस तेजी से फैल रही हैं, ऐसे में इलेक्ट्रिक डिलीवरी व्हीकल्स की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अगर Ola कम कीमत और बेहतर बैटरी परफॉर्मेंस के साथ यह स्कूटर लॉन्च करती है, तो कंपनी इस सेगमेंट में बड़ी हिस्सेदारी हासिल कर सकती है।






