Bihar : पटना के बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ गंगा घाट पर यात्रियों से भरी एक छोटी नाव अचानक तेज हवा की चपेट में आकर गंगा नदी में पलट गई। हादसे के वक्त नाव पर करीब 14 लोग सवार थे। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों की मदद से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अब तक तीन लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं। वहीं कई लोग अब भी लापता बताये जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, SDM गरिमा लोहिया, CDPO रामकृष्ण और अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में SDRF की टीम को भी बुलाया गया, जो गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। रेस्क्यू के दौरान एक महिला और एक युवक का शव नदी से निकाला गया। प्रशासन को आशंका है कि बाकी लापता लोग भी नदी में डूब गये हैं। हादसे के बाद उमानाथ घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय तेज हवा चल रही थी, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। पुलिस अब चश्मदीदों से पूछताछ कर हादसे के सही कारणों की जानकारी जुटा रही है। दरअसल, उमानाथ गंगा घाट बाढ़ इलाके के सबसे व्यस्त घाटों में गिना जाता है। यहां से हर दिन बड़ी संख्या में लोग दियारा क्षेत्र आते-जाते हैं। सब्जी व्यापार के कारण सुबह के समय घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। किसान और व्यापारी जल्दी दियारा पहुंचने और ताजा सब्जियां बाजार तक लाने की होड़ में नावों पर क्षमता से ज्यादा लोग बैठ जाते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही और ओवरलोडिंग की वजह से इस तरह के हादसे लगातार होते रहते हैं। छोटी नावों में जहां लगभग 10 लोगों के बैठने की क्षमता होती है, वहां 20 तक लोगों को बैठा दिया जाता है। बावजूद इसके सुरक्षा मानकों की जांच और नियंत्रण के नाम पर कोई सख्ती नहीं की जाती। हादसे की गंभीरता को देखते हुये जिलाधिकारी त्यागराजन और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर चल रही नावों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिये हैं।
इसे भी पढ़ें : PLFI सुप्रीमो अमृत होरो चढ़ा रांची पुलिस के हत्थे…
इसे भी पढ़ें : जंगल में मिला नर कं’काल, किसका… जानें
इसे भी पढ़ें : OLA का नया दांव, अब डिलीवरी मार्केट में उतरेगी कंपनी…
इसे भी पढ़ें : भारत में पहली बार आया Micro RGB TV…
इसे भी पढ़ें : लगातार घंटों AC चलाना बन सकता है बड़ा खतरा…






