Bihar : बिहार सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुये सीनियर IAS अधिकारियों की नई तैनाती का आदेश जारी किया। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार कई अहम विभागों के सचिव बदले गये हैं, वहीं, कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस बदलाव का असर ग्रामीण कार्य, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, खेल, उच्च शिक्षा, शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों पर पड़ा है।
ग्रामीण कार्य विभाग की कमान संभालेंगे अभय कुमार सिंह
2004 बैच के सीनियर IAS अधिकारी अभय कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विभाग के सचिव पद से हटाकर ग्रामीण कार्य विभाग का सचिव बनाया गया है। हालांकि अगले आदेश तक वे IT विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। वहीं, 2005 बैच के IAS अधिकारी देवेश सेहरा को ग्रामीण कार्य विभाग से स्थानांतरित कर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अगले आदेश तक सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
खेल विभाग के नये सचिव बने दीपक आनंद
2007 बैच के IAS अधिकारी दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से हटाकर खेल विभाग का सचिव बनाया गया है। अब राज्य की खेल संबंधी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। 2010 बैच के IAS अधिकारी राजीव रौशन, जो वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव हैं, उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा विभाग और खेल विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे पहले की तरह वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) की जिम्मेदारी भी निभाते रहेंगे। वित्त विभाग में सचिव (व्यय) के पद पर कार्यरत 2010 बैच की IAS अधिकारी रचना पाटिल को अगले आदेश तक कृषि विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार ने धर्मेंद्र कुमार को शिक्षा विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है। इस फैसले के साथ शिक्षा विभाग में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है।
इसे भी पढ़ें : ‘बोल बम’ से पहले रेलवे फुल अलर्ट, बढ़ेगी ट्रेनें, खुलेंगे नये टिकट काउंटर…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में फिर बरसेंगे मेघ, इन चार जिलों में भारी बारिश…
इसे भी पढ़ें : बिहार की बेटी ने अमेरिका में लहराया तिरंगा, 3 करोड़ की लिंकन स्कॉलरशिप जीती…
इसे भी पढ़ें : दहशत फैलाने निकला था, रोकने पर उतार दिया मौ’त के घाट… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : रांची में 10 दिन का ट्रैफिक डायवर्जन, देखें रूट चार्ट…








