लापुंग (रांची) : लापुंग थाना क्षेत्र के लोधमा गांव में एक 55 वर्षीय महिला को गांव के कुछ लोगों ने पत्थर से कूचकर मार डाला। हत्या के पीछे की वजह डायन-बिसाही को माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। मृतका सुकरो उराईन बढ़ई मिस्त्री ढोबो उरांव की पत्नी थी। शनिवार की रात मृतका के पति और बेटा-बेटी सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर महिला को पत्थर से कूचकर मार डाला।
इसे भी पढ़ें : ससुराल आकर नाबालिगों से कराता था छिनतई, पुलिस ने ऐसे दबोचा (VIDEO)
सूचना मिलने के बाद रविवार की दोपहर में डीएसपी रजत मणि बाखला मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मामले में लापुंग पुलिस ने गांव के ही वार्ड सदस्य करमचंद उरांव, संदीप बाड़ा और परदेशिया उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामले में ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि अबतक मिली जानकारी के अनुसार डायन-बिसाही के कारण महिला की हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। डायन-बिसाही के खिलाफ लगातार जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है। बावजूद इसके इस तरह की घटना सोचनीय है।
इसे भी पढ़ें : देखिए कैसे राजधानी में घुस आया जंगली हाथी और ये क्या कर डाला…












