UP : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसा हृदय विदारक मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। महज 100 रुपये के लिए एक दादा ने अपने आठ साल के मासूम पोते की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के अंदर भूसे के ढेर में छिपा दिया और पुलिस व परिवार के साथ खोज का नाटक करता रहा। यह दिल दहला देने वाली घटना बबीना थाना क्षेत्र के एक गांव की है। आरोपी सरवन (50) बकरियां चराने का काम करता था। उसकी जेब से 100 रुपये गायब होने पर वह बौखला गया। शक अपने पोते मुकेश पर जताया। बच्चे के जवाब से आगबबूला होकर उसने उसका गला दबा दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घबराकर उसने शव को भूसे में छिपा दिया और बकरियां चराने चला गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। शनिवार को जब मुकेश लापता हुआ तो पूरा परिवार और गांव परेशान हो उठा। पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी दादा खुद भी पुलिस के साथ बच्चे को ढूंढने का ढोंग करता रहा। जब थाना प्रभारी सरिता मिश्रा ने खुद घर की तलाशी ली, तो भूसे के ढेर से मासूम का शव बरामद हुआ। कड़ी पूछताछ में सरवन ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा “गुस्से में गलती हो गई, मारने का इरादा नहीं था।”
मुकेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और गांव के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी सन्न हैं। एक बुजुर्ग ने कहा — “सरवन ने अपने ही वंश का गला घोंट दिया। ”पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े : यहां से चुनाव लड़ना चाहती हैं मैथिली ठाकुर… देखें वीडियो
इसे भी पढ़े : बिहार विधानसभा चुनाव: AAP ने जारी की पहली उम्मीदवारों की लिस्ट…
इसे भी पढ़े : MLA बोले, अमित सिंह की देश सेवा और समर्पण प्रेरणास्रोत
इसे भी पढ़े : घर के मंदिर में ये 5 चीजें भूल कर न रखें… जानें










