Ranchi : अंधविश्वास के मकड़जाल में जकड़ी बासो देवी ने जेठानी सीमा की हत्या कर दी। उसने दनादन सीमा के सिर पर लोहे के धारदार हथियार से कई वार कर, उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना शनिवार सुबह साढ़े 5 बजे के करीब की है। डायन बिसाही के आरोप में बासो देवी ने घटना को अंजाम दिया। यह मामला नामकुम थाना क्षेत्र के सरवल जामुन टोली का है। पुलिस ने आरोपी देवरानी बासो को हिरासत में ले लिया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि, 45 साल की सीमा देवी आज सुबह घर के पास ही हैंडपंप पर बर्तन धो रही थी। तभी आरोपी बासो ने पीछे से सीमा के सिर पर लोहे के साब्बल से दनादन कई वार किए। जिससे सीमा खून से लथपथ हो गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे के साब्बल को भी बरामद कर लिया है।
आरोपी बासो देवी ने कहा कि सीमा जादू टोना करतीं थीं। वह रोज रात में बिना कपड़ों के पूजा करती थी। जिसकी वजह से बीते कुछ सालों में बासो की बेटी, सीमा की बेटी सहित परिवार के कई सदस्यों की मौत हो गई। बासो का बेटा देवेंद्र एक महीने से बीमार है। उसकी मानसिक स्थिति ख़राब हो गई है। शुक्रवार की रात देवेंद्र किसी को बिना बताये घर से कहीं चला गया। बासो को लगा कि उसके बेटे के साथ सीमा ने ही कुछ “कर” दिया है। फिर सुबह उसने सीमा को मार डाला। घटना के कुछ देर बाद देवेंद्र भी घर पहुंचा। इससे पहले भी सीमा पर डायन बिसाही का आरोप लगाने को लेकर विवाद हुआ था। पांच साल पहले हुए इस विवाद को पंचायत एवं प्रशासन के द्वारा शांत कराया गया था। उस समय दोनों पक्षों के द्वारा लिखित समझौता भी हुआ था।
इसे भी पढ़ें : एक्शन में रांची DTO प्रवीण प्रकाश, एक दिन में वसूले 6.92 लाख, रोड टैक्स माफी का खोला ऑप्शन… देखें
इसे भी पढ़ें : अमेरिका से खेलकर लौंटी 5 हॉकी महिला खिलाड़ी, सीएम हेमंत सोरेन ने सराहा










