Kohramlive : पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच ईरान के नये सर्वोच्च नेता आयातुल्ला मोजताबा खामेनेई का पहला बड़ा बयान सामने आया है। गुरुवार को सरकारी टीवी पर पढ़े गये संदेश में उन्होंने साफ कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखना ईरान की रणनीति का हिस्सा होगा और दुश्मनों पर दबाव बनाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जायेगा। खामेनेई खुद कैमरे पर नजर नहीं आये, लेकिन उनके संदेश को पूरे देश में प्रसारित किया गया। बयान में उन्होंने कहा कि ईरान अब मुख्य रूप से अमेरिका के ठिकानों को निशाना बना रहा है और हमले जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों से दोस्ती चाहता है, लेकिन अपने शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा। खामेनेई ने सेना की सराहना करते हुये कहा कि कठिन हालात में भी ईरानी बलों ने देश को विभाजित होने और कब्जे में जाने से बचाया। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि युद्ध से प्रभावित लोगों को आर्थिक मुआवजा और घायलों का मुफ्त इलाज दिया जायेगा। गौरतलब है कि शुरुआती अमेरिकी और इस्राइली हवाई हमलों में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत उनके परिवार के कई सदस्य मारे गये थे। इसके बाद मोजतबा खामेनेई ने नेतृत्व संभाला है।
इसे भी पढ़ें : मेडिकल छात्रा ने लिखा, “मैं तुम्हारी पत्नी के पैर की जूती बनकर भी रह लेती”, फिर हो गया भयानक…









