Jamshedpur : देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल NEET-UG 2026 को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिये जमशेदपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर DC राजीव रंजन ने जिला मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिये। बैठक में साफ कर दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर वीक्षक (इनविजिलेटर) के रूप में केवल सरकारी कर्मियों की ही तैनाती की जायेगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। समीक्षा बैठक में सिटी SP ललित मीणा, SDM धालभूम अर्णव मिश्रा, ASP ऋषभ त्रिवेदी, ADM (लॉ एंड ऑर्डर) राहुलजी आनंदजी समेत विभिन्न कॉलेजों के प्रतिनिधि और प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
कदाचार पर जीरो टॉलरेंस
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाये। परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटे, इसके लिये मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। वहीं, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष निगरानी रखी जायेगी, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिये अभ्यर्थियों की कड़ी जांच (फ्रिस्किंग) की जागी। वहीं पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज कर सील कर दिया जाये, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना न रहे। DC राजीव रंजन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन का कहना है कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जायेगी।
6 शिक्षण संस्थानों में बनाये गये 8 परीक्षा केंद्र
बैठक में बताया गया कि जिले के कुल छह शिक्षण संस्थानों में आठ परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जहां चार हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11.00 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
- लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (एलबीएसएम) कॉलेज, करनडीह
- जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज
- जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी
- द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेंस
- राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा
- एलबीएसएम कॉलेज, गोलमुरी
इन संस्थानों में कुल आठ परीक्षा केंद्र संचालित किए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : जमीन के टुकड़े ने 2 भाइयों को बनाया ‘जानी दुश्मन’ हुआ बवाल…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में सड़क पर उतरी पुलिस, माइक से किया जागरूक…
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में ज्वेलरी शॉप पर चोरों का धावा, CCTV खंगाल रही पुलिस…
इसे भी पढ़ें : सिपाही भर्ती में ‘स्कॉलर गैंग’ का बड़ा खुलासा…
इसे भी पढ़ें : योगमय होगा झारखंड: सभी स्कूलों में होगा सामूहिक योग…









