Kohramlive : जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड परिसर में गुरुवार को महज पांच डिसमिल जमीन को लेकर दो चचेरे भाई सरेआम भिड़ गये। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ी कि सरकारी कार्यालय का परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। वहीं, ईंट-पत्थर भी चलने लगे। अचानक हुये इस बवाल से प्रखंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद कर्मचारी व आम लोग सहम गये।
पुराना जमीन विवाद बना टकराव की वजह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नारायणपुर प्रखंड के चिहूटिया गांव निवासी शेख नूर और उनके चचेरे भाई जुबेर शेख के बीच पांच डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला पहले से ही शिकायत और कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच चुका है। गुरुवार को दोनों किसी निजी कार्य से प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान आमना-सामना हुआ और पुरानी रंजिश एक बार फिर उभर आई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले और धोखाधड़ी के आरोप लगाये हैं। शेख नूर का आरोप है कि जमीन पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित आवेदन के बारे में पूछताछ करने पर जुबेर शेख और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। वहीं जुबेर शेख ने मीडिया को बताया कि उनके पिता के हिस्से की पैतृक जमीन को शेख नूर ने गलत तरीके से बेच दिया है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर पुलिस पहुंची।






