रांची : नामकुम में गरमजरूआ जमीन पर कब्जा के लिए कुछ लोगों के द्वारा उसपर अवैध निर्माण कराया जा रहा है, जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को उक्त जमीन पर दबंगों द्वारा जेसीबी से काम कराया जा रहा था। गांव के कुछ बच्चे और महिलाएं वहां मौजूद थीं, जिनके साथ मारपीट और छेड़खानी की गई। घटना के विरोध में बुधवार को पूर्व जिप अध्यक्ष आरती कुजूर, जिप सदस्य अंजली लकड़ा के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं प्रखंड कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं और उक्त जमीन पर अवैध निर्माण कार्य रोकने और दबंगों पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर आरती कुजूर ने कहा कि ये गुंडई नहीं चलेगी। इस संबंध में थाना में भी आवेदन दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : हैवानियत : नाबालिग का अपहरण कर 18 युवकों ने 9 दिनों तक किया रेप
नामकुम में सरना पूजा स्थल की जमीन पर 14वें वित्त आयोग की राशि से खेल मैदान का निर्माण होना है, जिसको लेकर नामकुम सीओ ने 3 अक्टूबर 2020 को ही स्वीकृति दे दी थी। उक्त भूमि का खाता संख्या 124 और प्लॉट नंबर 604 रकबा 8 एकड़ और जमीन का प्रकार गरमजरूआ है। इस जमीन पर काफी लंबे समय से सरना पूजा पहान के द्वारा की जा रही है। उसी जमीन पर पहान के वंशजों के द्वारा गोडा, महुआ समेत कई मौसमी फल की खेती की जाती रही है। कभी भी इस जमीन पर किसी निजी व्यक्ति ने अपना अधिकार नहीं जमाया।
इसे भी पढ़ें : BREAKING : इंडियन एयरफोर्स का MiG-21 क्रैश, ग्रुप कैप्टन शहीद
मगर उस जमीन को हड़पने के लिए कथित रूप से राजेश लकड़ा, महावीर लकड़ा, विजय लकड़ा, अजहर लकड़ा, विनोद लकड़ा, अनीमा लकड़ा, पप्पू लकड़ा, राजू लकड़ा, जदराय लकड़ा, दुर्धन लकड़ा, छोटा जदराय लकड़ा, फ्रांसिस लकड़ा, कुशल लकड़ा, सुशीला लकड़ा द्वारा शुरू से ही जमीन पर खेल मैदान बनने में बाधा उत्पन्न की जा रही है। मंगलवार को उक्त लोगों के द्वारा जमीन हड़पने के लिए उसपर जेसीबी से काम कराया जा रहा था। गांव में मौजूद बच्चे व महिलाएं जब पूछने पहुंचीं तो उनके साथ मारपीट और छेड़खानी की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि दबंगों ने जमीन को हथियाने के लिए वन पट्टा अधिकार के तहत 80 डिसमिल जमीन की बंदोबस्ती के लिए अंचल कार्यालय व भू-राजस्व विभाग और कलेक्टर कार्यालय में आवेदन जमा किया है, जो कानूनसम्मत नहीं है।
तेतरी के ग्रामीणों ने नामकुम सीओ को आवेदन देकर भूमि की विशेष जांच कराकर ग्राम सभा के निर्णय के अनुरूप कार्य कराने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली में BJP सांसद की फंदे पर लटकी मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस











