Ranchi : आज के दौर में नशे का बढ़ता जाल, साइबर अपराधियों की चालबाजियां और सड़क हादसों की चिंतायें युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हैं। इन्हीं खतरों से विद्यार्थियों को सजग और जागरूक बनाने के मकसद से मंगलवार को रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित गुरु गोबिंद विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रांची के रूरल SP गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक SP राकेश सिंह, DSP मुख्यालय-2 अजय आर्यन, रातू के थानेदार आदिकांत महतो तथा SI प्रियंका कुमारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें समाज और कानून से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
नशा जिंदगी को अंधकार की ओर ले जाता है
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, NDPS अधिनियम की जानकारी देते हुये कहा कि नशे के कारोबार और सेवन दोनों के गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षा की गारंटी
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
साइबर अपराधियों की चाल से सावधान रहने की सीख
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुये विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
विद्यार्थियों ने पूछे कई सवाल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने नशा, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया और यातायात नियमों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाने, कानून का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक बनकर देश व समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में जागरूकता और संवाद का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : जेल में बेनकाब हुई ‘अंदर की सरकार’, अधीक्षक सस्पेंड…
इसे भी पढ़ें : ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ का बड़ा एक्शन, ये खेल बेनकाब…
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रवाद के पुरोधा को नमन, तमाड़ में भाजपाईयों ने मनाया ब’लिदान दिवस…
इसे भी पढ़ें : शादी से पहले मौ’त का धक्का, होने वाले दूल्हे की बॉडी ने खोले डरावने राज…
इसे भी पढ़ें : तीन कोचिंग सेंटर सील… जानें क्यों












