Garhwa : गढ़वा सदर थाना क्षेत्र में बीती रात ने एक ऐसी चीख को निगल लिया, जिसकी गूंज आज भी पूरे इलाके को थर्रा रही है। 17 साल की एक बेटी को शक की जलती भट्टी में झोंक दिया गया। खबर है कि परिजनों ने किशोरी को किसी युवक के साथ देखा, बस एक नजर और सालों का विश्वास क्षण भर में संदेह की आग में स्वाहा हो गया। घर की चारदीवारी में जिस प्यार ने उसे पाला था, उसी ने उसे घेर लिया। एक बंद कमरे में उसे बेरहमी से पीटा गया। उसकी चीखें, बंद कमरे की दीवारों में सिसकती रहीं और फिर उसकी सांसें थम गईं। परिजन घबरा गये। लाश को छिपाने की कोशिशें शुरू हुईं। रात की आड़ में ग्रामीणों के साथ शव बगही श्मशान पहुंचाया गया। हड़बड़ी में चिता सजाई गई तभी मौके पर पुलिस पहुंच गई। लोग भाग खड़े हुये, चिता की लपटें कांपने लगीं। जवानों ने बुझती जलती चिता से अधजला शव बाहर निकाला। वह दृश्य इतना भयावह, इतना दर्दनाक था कि मजबूत दिल वाले पुलिसकर्मी भी हिल गये। पिता और भाई को हत्या, साजिश और सबूत मिटाने के आरोप में हिरासत में लिया गया। गांव में जितनी जुबां उतनी तरह की बातें हो रही है।
इसे भी पढ़ें : ध्रुवीय रात का रहस्य: 64 दिन तक सूरज गायब…






