Kohramlive : उत्तरी अमेरिका के बर्फीले मुकुट—उटकियागविक में मंगलवार की शाम जैसे ही सूरज ने 2025 का अपना आखिरी प्रणाम किया, आसमान पर एक ऐसा सन्नाटा छा गया, मानो प्रकृति ने स्वयं अपने आंचल में शहर को समेट लिया हो। अब आने वाले 64 दिनों तक यहां सूरज नहीं उगेगा। हां, यह कोई कथा नहीं धरती का जीवंत, सांस लेता हुआ चमत्कार है, पोलर नाइट, ध्रुवीय रात। धरती की 23.5 डिग्री की कोमल-सी झुकान, जो मौसम बदलती है, ऋतुएं रचती है, उसी ने उटकियागविक को इस रहस्यलोक में धकेल दिया है। सर्दियों में जब उत्तरी ध्रुव सूरज से रूठ-सा जाता है, उटकियागविक के आसमान पर भोर की पहली गुलाबी लकीर भी नहीं उभरती। 22 जनवरी 2026 को ही सूरज फिर से लौटेगा, जैसे कोई पुराना दोस्त लंबी जुदाई के बाद दरवाजे पर दस्तक दे।
वैज्ञानिकों के लिये प्रयोगशाला, इंसानों के लिये परीक्षा
हवा में नमक-सी घुली ठंड, पिघलती बर्फ का दर्द और ग्लोबल वार्मिंग की छिपी दहशत, उटकियागविक आज दुनिया के लिये जलवायु परिवर्तन का जीवंत प्रयोग है। अंधेरे के 64 दिन यहां सिर्फ मौसम नहीं, यह एक मनोवैज्ञानिक यात्रा भी है, जहां इंसान खुद से, अपनी छाया से, अपनी सांसों से बातें करता है।
यह शहर भी अनोखा है…
गर्मियों में, जब सूरज की हंसी बर्फ पर चमकती है, तब 80–85 दिनों तक सूरज कभी डूबता ही नहीं। दिन और रात यहां दो प्रेमियों की तरह हैं, कभी इतने करीब कि अलग होने का नाम नहीं लेते, कभी इतने दूर कि मिलने में महीनों लग जायें। उटकियागविक का यह अंधेरा हमें बताता है,प्रकृति जितनी सुंदर है, उतनी ही रहस्यमयी भी। वह अपने अंदाज में, अपनी भाषा में हमें बार-बार याद दिलाती है कि इंसान कितना भी आगे बढ़ जाये, पृथ्वी अब भी उसकी सबसे बड़ी शिक्षिका है।






