रांची : उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से हुए हादसे को लेकर झारखंड के लोगों के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। उत्तराखंड में फंसे मजदूरों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य नागरिकों के लिए सरकार ने श्रम विभाग के कंट्रोल रूम के दिए गए नंबरों पर अपनी समस्या साझा करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा है कि चमोली आपदा में फंसे राज्यवासी घबराएं नहीं। अगर किसी के परिजन प्रभावित क्षेत्र में फंसे हैं और उन्हें किसी तरह की मदद की जरूरत है, तो कृपया श्रम विभाग के स्टेट कंट्रोल रूम द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। राज्य सरकार हर संभव सहायता करेगी।
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी हत्याकांड का खुलासा करने के लिए डीजीपी ने रांची SSP को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कुल 11 हेल्पलाइन एवं कुछ वाट्सएप्प नंबर भी जारी किये हैं। इन नंबरों पर संदेश भेजकर आपदा में फंसे लोग सहयोग प्राप्त कर सकते हैं।
कंट्रोल रूम का नंबर निम्न है
0651-2490055, 0651-2490058, 0651-2490052, 0651-2490125, 0651-2490037, 0651-2490083
इन व्हाट्सअप नंबरों पर भी अपनी समस्या साझा कर सकते हैं
9470132591, 9431336427, 9431336398, 9431336472, 9431336432

यहां याद दिला दें कि उत्तराखंड में प्रकृति ने 07 फरवरी को फिर से रौद्र रूप दिखाया था। चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने से अबतक कई लोगों की हो चुकी है मौत। वहीं 150 से अधिक लोग लापता हैं। खबर लिखे जाने तक 18 लोगों का शव बरामद किया जा चुका है। वहीं 12 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इधर लापता लोगों में झारखंड के लोहरदगा के नौ मजदूर भी शामिल हैं। इनके परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद उन लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। परिजन टीवी पर टकटकी लगाए बैठे हैं। परिजनों ने लोहरदगा जिला प्रशासन को आवेदन देकर सभी का पता लगाने की गुहार भी लगाई है। लापता लोगों में उरवानुस बाखला, सुनील बाखला, ज्योतिष बाखला, मजनू बाखला और दीपक उरांव शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : 52 लाख की बोली के बाद टपका दिये गये थे कमलेश बाबा












