Hazaribagh (Sunil Sahu) : कोयला, बालू और नशे के सौदागरों और माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर हजारीबाग के पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे ने अपना इरादा साफ कर दिया है। ऐसे दो नंबरी लोगों को चिन्हित कर उसपर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने का हुक्म दिया गया है। नशे के सौदागरों और तस्करों की अलग से लिस्ट तैयार करने को कहा गया है। अफीम और पोस्ता की खेती करनेवाले का अलग से फाइल तैयार कर उन्हें नेस्ताबूद कर ही दम लेने को कहा गया। पंजाब और गाजियाबाद तक के तस्करों के पकड़े जाने के बाद से हजारीबाग पुलिस की चिंता बढ़ गई है। महिला प्रताड़ना और अत्याचार एवं एसटी/एससी से जुड़े कांडों का निष्पादन 60 दिनों के अंदर करने का आदेश दिया गया है। पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे आज अपने मातहत पुलिस अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग कर रहे थे।
बेहतर काम करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी हौंसला अफजाई भी की गई। वहीं लापरवाह और अनदेखी करने वाले पुलिस अधिकारियों को चेताया भी गया। हजारीबाग में हाल के दिनों में हुई छोटी-बड़ी वारदातों की समीक्षा कर उसका अविलंब निष्पादन और खुलासा करने का आदेश दिया गया। लंबित वारंट का तामिला करने को भी कहा गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई करने का हुक्म दिया गया। नक्सल और उग्रवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने को कहा गया। सरकारी जमीन से जुड़े हर लफड़े को सीओ की मदद से अविलंब निपटा लेने को कहा गया। कोयला, बालू और पत्थर माफियाओं का किला हिला देने की भी बात कही गई। इस धंधे से जुड़े सफेदपोश चेहरों को बेनकाब करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। सिविल कोर्ट की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसका पूरा ध्यान रखने को कहा गया है। वहीं पुलिसकर्मियों की समस्याओं को भी दूर करने और उनकी पीड़ा बताने को कहा गया है।
इसे भी पढ़ें : दम तोड़ने से पहले यह बोल गई अंकिता, टूट कर रोया हर कोई… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : बीच शहर में जमीन बनी जी का जंजाल, DIG की पहल पर क्या हुआ… देखें वीडियो






